फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के सुभाष तिराहे पर उस समय हंगामा मच गया जब विवाहिता की मौत पर ससुराली और मायके पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस के पहुंचने पर ससुरालीजन शव को साथ ले गए।

फिरोजाबाद के जज कंपाउंड निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र साहब सिंह बीती सात अक्टूबर को अपनी पत्नी अनामिका व पड़ोस की एक युवती को लेकर टूंडला स्थित देवी दर्शन को गया था। साहब सिंह न्यायालय में काम करता है। लौटते समय उसायनी के पास ट्रक का कट लगने से पीछे बैठी पत्नी बाइक से गिरकर घायल हो गई। उसे उपचार को परिजन आगरा ले गए। पता चलते ही मायके वाले भी वहां आ गए। विवाहिता का भाई रंजीत व ससुरालीजन रविवार को उसे उपचार को आगरा से सैफई ले जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर अनामिका की मौत हो गई। भाई शव को अपने घर जसवंत नगर ले जाने लगा। इस पर ससुरालियों ने आपत्ति कर दी। शिकोहाबाद सुभाष तिराहे पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। भाई ने डायल 100 को फोन कर दिया। पता चलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम को मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।

भाई ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका के भाई उपदेश निवासी चक सलेमपुर थाना जसवंत नगर का आरोप है कि उसकी बहन को बाइक से गिराकर उसकी हत्या की गई है। उसने बताया कि अनामिका की शादी इसी साल सात मई को हुई थी। बहनोई चन्द्रप्रकाश मोहल्ले की ही एक लड़की को भी साथ ले गया था। रास्ते में उसकी बहन को धक्का दे दिया। इससे उसकी मौत हुई। आखिर हादसे में बहनोई और उस लड़की को चोट क्यों नहीं आई। इन दोनों ने मिलकर ही बाइक से गिराकर हत्या की साजिश रची है।

ससुरालियों को सौंपा शव

पोस्टमार्टम के बाद शव को ले जाने को लेकर ससुरालीजन और मायका पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ही पक्ष शव को अपने साथ ले जाना चाहते थे। दोनों पक्षों में काफी देर तक गाली गलौज होती रही। मामला मारपीट तक पहुंचा। पता चलते ही अस्पताल चौकी प्रभारी जगदीश भाटी सिपाहियों का साथ पहुंच गए। आगरा गेट चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार भी पहुंच गए। काफी देर तक समझाने के बाद मामला शांत कराया। बाद में ससुरालीजन शव को घर ले गए।

Posted By: Inextlive