JAMSHEDPUR: बारीडीह में सावित्री बाई फूले के नाम पर वीमेंस कॉलेज खुलेगा। यह घोषणा सीएम रघुवर दास न की। रविवार को वे साकची आमबगान मैदान में आयोजित कुश रैली सह कुश जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सीएम रघुवर दास ने कहा कि कलियुग में संगठन में ही शक्ति निहित है। हमें संगठित होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमें स्वार्थ परक शक्तियों और लोगों से सावधान रहते हुए देश के और समाज के विकास पर ध्यान देने की जरूरत है। समाज का विकास होगा, तभी राज्य का विकास होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता भी जरूरी है। समाज के अंतिम पंक्ति के गरीब को समाज की मुख्य धारा में लाने की जिम्मेदारी समाज के लोगों की ही है। उन्होंने कहा कि हमने राज्य में 16 लाख महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ कर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया है।

पशुपालन, मछली पालन भी करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशवाहा समाज मुख्य रूप से कृषि कार्य में ज्यादा लगा हुआ है। मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे कृषि के साथ पशुपालन, मछली पालन भी करें। इससे जहां उनकी आय बढ़ेगी वहीं राज्य को भी फायदा होगा और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि कुशवाहा समाज शुरू से ही राष्ट्रवाद से जुड़ा रहा है।

अंबिका प्रसाद को कुश रत्‍‌न सम्मान

समारोह में समाज में बेहतर कार्य के लिए अंबिका प्रसाद को कुश रत्‍‌न सम्मान मुख्यमंत्री ने प्रदान किया। कुशवाहा समाज की रीता देवी और अमृता कुमारी एवं प्रिय कुमारी को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इससे पूर्व सांसद विद्युत वरण महतो, गांडेय विधायक जेपी वर्मा, कुशवाहा समाज के हाकिम प्रसाद महतो, राम वरन महतो, राजपति देवी, ओमप्रकाश भगत, सत्यदेव वर्मा आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संध्या में कुशवाहा समाज के लोग मौजूद थे।

Posted By: Inextlive