आगरा। इस दुनिया को गर्भ संस्कार की शिक्षा से ही अभिमन्यु, भगवान महावीर और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुष मिले। यह जानकारी शुक्रवार को जैन जागृति महिला मंडल द्वारा न्यू राजा मंडी कॉलोनी स्थित महावीर भवन में आयोजित दो दिवसीय निशुल्क गर्भ संस्कार कार्यशाला के शुभारंभ पर औरंगाबाद से पधारी जैन विशारद सीमा जांबड़ और पुष्पा जैन ने प्रदान की। उन्होंने बताया कि माता के विचार व माता की संवेदना भावी पीढ़ी के निर्माण में महती भूमिका निभाती हैं। सीमा जांबड़ ने कलर थेरेपी से गर्भ संस्कार शिक्षा देते हुए बताया कि हर रंग की अलग-अलग ऊर्जा होती है और गर्भवती स्त्री जिस रंग के प्रति आकर्षित होती है, उस रंग के गुण भावी बच्चे को प्रभावित करते हैं। उन्होंने सोने से पूर्व चौदह स्वप्न की साधना, योगा, प्राणायाम, शुद्ध सात्विक आहार को भी गर्भ संस्कार शिक्षा के अंतर्गत उपयोगी बताया। डॉ। सुनीता गर्ग ने बताया कि एक मां को बच्चा गर्भ में लाते समय उन आत्माओं का आह्वान करना चाहिए जो पृथ्वी के कल्याण के लिए आतुर हैं। डॉ। नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि बच्चा होने से पहले हर स्त्री को फॉलिक एसिड की गोली उपहार में दी जानी चाहिए। यह फॉलिक एसिड सात्विक आहार में पाया जाता है। आगरा के डीएम की पत्नी डॉ। हेमलता ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि मां के मस्तिष्क का नियंत्रण गर्भधारण करने से पहले ही करना चाहिये। शिविर का संचालन महेंद्र जैन ने किया।

यह लोग रहे मौजूद

गर्भ संस्कार शिविर में कार्यक्रम संयोजिका मीता जैन, एकता गोयल, नेहा जैन, प्रेमचंद जैन, मुकेश जैन, अशोक सुराना, मनोज जैन, पूर्व डिप्टी मेयर अशोक जैन व सुशील जैन ने भी विचार व्यक्त किए।

Posted By: Inextlive