वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के ओलंपिक पदम विजेता नीरज चोपड़ा ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। नीरज ने अपने पहले ही प्रयास में 88.39 मीटर का थ्रो किया।

ओरेगन (एएनआई)। टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने गुरुवार को यूजीन में प्रतिष्ठित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। हेवर्ड फील्ड में ग्रुप ए में मौजूद ओलंपिक चैंपियन, नीरज चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 88.39 मीटर का थ्रो रिकॉर्ड किया जो 83.50 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क से बहुत ज्यादा था। पहले ही प्रयास में क्वाॅलीफाई होने के चलते नीरज ने दूसरा और तीसरा प्रयास नहीं किया।

नीरज का तीसरा सबसे अच्छा थ्रो
ओरेगन 2022 पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता के फाइनल का क्वालीफाइंग कट 83.50 मीटर या 12 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों पर निर्धारित है। अंतिम कट सूची क्वालीफाइंग के ग्रुप बी के समापन के बाद तैयार की जाएगी। नीरज चोपड़ा, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में स्टॉकहोम डायमंड लीग में रजत पदक जीतने के रास्ते में 89.94 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था, उन्होंने अपने पहले प्रयास में 88.39 मीटर फेंक के साथ ग्रुप ए में टोन सेट किया। नीरज चोपड़ा ने अपने करियर में यह तीसरा सबसे अच्छा थ्रो रिकॉर्ड किया है।

कौन-कौन रेस में
टोक्यो के रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज ग्रुप ए में एकमात्र अन्य भाला फेंकने वाले खिलाड़ी थे, जिन्होंने 85.23 मीटर प्रयास के साथ क्वालीफाइंग मार्क को पार किया, जो कि उनके पहले थ्रो में भी आया था। स्टॉकहोम में खेले गए डायमंड लीग में नीरज ने 89.94 मीटर फेंका, ऐसा करते हुए उन्होंने अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 14 जून को बना था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari