रूस की आईस हॉकी टीम को ले जा रहा चार्टर्ड जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. विमान में जा रहे कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई है. हॉकी टीम का केवल एक सदस्य बच पाया है.

जेट ने यारोसलावल शहर से उड़ान भरी थी लेकिन थोड़ी देर बाद ही उसमें आग लग गई। ये इलाक़ा मॉस्को से करीब 250 किलोमीटर दूर है।

दुर्घटना में दो लोग ज़िंदा बच पाए हैं जिसमें रूसी खिलाड़ी अलेक्ज़ेंडर गालीमॉफ़ शामिल हैं। उनका 80 फ़ीसदी शरीर जल चुका है। पहले उनके मारे जाने की ख़बर आई थी। कुछ लोगों के शव वोल्गा नदी में जा गिरे। बताया जा रहा है कि आईस हॉकी टीम इस सीज़न के पहले मैच के लिए बेलारूस जा रही थी।

कई विदेशी नागरिक भी मारे गए हैं। इसमें रूसी टीम के कोच ब्रैड मैककिनन शामिल हैं जो कनाडा के रहने वाले हैं। स्डीविश मूल के गोलकीपर स्टीफ़न लिव की भी मौत हो गई है। रूस में आईस हॉकी बेहद लोकप्रिय है, फ़ुटबॉल से भी ज़्यादा। रूसी टीम में जर्मनी और स्लोवाकिया के भी खिलाड़ी थे।

रूसी लोग इसे आईस हॉकी के लिए काला दिवस बता रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने कहा है कि वो सोविघत समय के पुराने जेट को सेवा से हटाएँगे। विमान हादसों के मामले में रूस का रिकॉर्ड काफ़ी ख़राब रहा है। इस साल जुलाई में उत्तरी रूस में विमान दुर्घटना में 44 लोगों की जान चली गई थी।

Posted By: Inextlive