भारत की दूसरी सबसे बड़ी छावनी मेरठ कैंट। चमचमाती सड़कें। फेमस औघड़नाथ मंदिर। वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों की भीड़। सदर बाजार की फेमस मार्केट। लालकुर्ती की पैंठ। यही सब मिलाकर बना है मेरठ कैंट विधान सभा क्षेत्र। चूंकि यहां के मुद्दे अलग हैं, इसलिए चुनावी चर्चा भी कुछ अलग रहती है। फिर भी अधिकतर लोग यही मानते हैं कि विकास में तेजी आनी चाहिए। जन समस्याओं का समाधान होना चाहिए और अपराध पर हर हाल में लगाम कसनी चाहिए।

Meerut । कैंट विधानसभा सीट पर पिछले कई सालों से भाजपा चुनाव जीत रही है। इसमें बहुत सारा सैन्य क्षेत्र है। लिहाजा क्षेत्र का विकास भी कैंट बोर्ड के माध्यम से ही कराया जाता है। कैंट निवासियों को बहुत सी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। फिर भी इस समस्या को कोई नहीं उठाता है। आई नेक्स्ट ने कैंट विधानसभा के तहत जब रजबन में चाय पर चर्चा की तो लोगों के मन की पीड़ा बाहर निकल आई।

चुनाव के दौरान मुद्दे की बात करते हुए सुनील कुमार ने कहा कि नोटबंदी और भ्रष्टाचार इस बार चुनाव में मुख्य मुद्दा रहेगा। नोटबंदी से लोगों को थोड़ी परेशानी तो हुई, लेकिन अब काफी राहत भी है। लोगों को पैसा मिल रहा है। सभी पार्टियां इस बार नोटबंदी को मुद्दा बना रही हैं।

यह बात सुनकर पास बैठे सरताज सक्सेना बोले कि मेरठ के चुनाव में नोटबंदी से बड़ा मुद्दा अपराध रहेगा। पूरे प्रदेश में अपराधियों को बोलबोला है। बेखौफ आपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम देते हैं और आसानी के साथ फरार हो जाते हैं। कानून व्यवस्था बिल्कुल लचर पड़ी हुई है।

इस बीच में चाय की चुस्की ले रहे रहे सुमित बोले की इस बार भाजपा की सरकार बननी चाहिए। केवल भाजपा की ही ऐसी सरकार दे सकती है, जिसमें बदमाश शहर छोड़कर भाग जाते हैं। जब भी भाजपा आई है, कानून व्यवस्था ठीक रही है। लोग आसानी से रात को घूम सकते हैं।

इस बात से विजय शर्मा सहमत नहीं हुए। उन्होंने बात काटते हुए कहा कि इस बार कैंट विधानसभा से कोई दबंग विधायक होना चाहिए। जो कैंट के लोगों की समस्या को विधानसभा में जोरशोर से उठा सके। उनकी समस्याओं का हल कर सके।

कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए याकूब बोले कि महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश सरकार एक विशेष वर्ग को फायदा पहुंचाने के लिए सारी कानून व्यवस्था को खराब कर दिया है। ऐसी सरकार बने जोकि बदमाशों पर लगाम लगा सके।

याकूब के बराबर बैठे चाय पी रहे चंद्रमोहन बोले की प्रदेश में ऐसी सरकार बननी चाहिए। जो स्वच्छ, ईमानदार व भ्रष्टाचार मुक्त हो। केवल विकास ही उसका एजेंडा हो। सभी का एक समान विकास कराए। विकास कराने में किसी के साथ भेदभाव न करे।

सारी बातों को चुपचाप सुन रहे मदनलाल बोल उठे कि कैंट की ओर कोई ध्यान नहीं देता है। उनकी समस्या को कोई नहीं उठाता। कैंट में बहुत समस्याएं हैं। ना तो सांसद और न ही विधायक कोई हमारी समस्या का समाधान नहीं करता।

इतने में रामजी लाल बोले कि विकास की बात कोई नहीं करता है। मोदी ने ही विकास के मुद्दे को लेकर चुनाव लड़ना सिखाया है। अब सभी विकास के मुद्दे को लेकर प्रचार कर रहे है। लेकिन घोषणाएं केवल प्रचार तक ही सीमित रह जाती हैं।

पास ही बैठे सुमंत कुमार बोले कि विकास के अलावा और भी अनेक समस्या होती हैं, जिनका समाधान होना चाहिए। पर संबंधित लोगों के पास नहीं पहुंच पाता है। सकारात्मक सोच वाला ही विकास करा सकता है और लोगों की समस्या का समाधान कर सकता है।

कैंट विधायक ऐसा होना चाहिए, जो कैंट में रहने वाले लोगों की समस्या का समाधान कर सके। बहुत सारी ऐसी योजनाएं हैं, जिनका लाभ हम लोगों को नहीं मिल पाता है।

-महेश कन्नौजिया

कैंट में मकान बनाना बहुत ही मुश्किल काम है। मकान के लिए बैंक लोन नहीं देते हैं। क्योंकि यह कैंट एरिया पड़ता है। हमारी इन समस्या का समाधान करने वाला विधायक और सांसद होना चाहिए।

-उमेश यादव

कानून व्यवस्था पर लगाम लगना चाहिए। अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल है। ऐसी सरकार बने जोकि अपराध पर लगाम लगा सके।

-शमशुद्दीन

विकास का मद्दा ही सबका होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों पर भी लगाम लगाने वाला होना चाहिए। जो वह वादे करते हैं यदि वह पूरे नहीं करते हैं तो उन पर कोई जुर्माना लगना चाहिए।

-वेदप्रकाश

टी प्वाइंट

कई साल हो गए चाय की दुकान करते हुए। बहुत सारी सरकारें देखी। गरीबों की ओर कोई ध्यान नहीं देता है। जिससे वह ऊपर उठ सकें। सारी योजना अमीरों के लिए ही बनाई जाती हैं। हमें यही रहना है और चाय की दुकान करनी है।

-जयराज टी स्टॉल मालिक

Posted By: Inextlive