- यमुना बोट क्लब पर फ्यूजन बैंड ने दी जोरदार परफॉर्मेस

ALLAHABAD:

कुछ कर गुजरने का हौसला हो तो शारीरिक अक्षमता भी रास्ता रोकने में असमर्थ साबित होती है। बुधवार की शाम त्रिवेणी महोत्सव के मंच पर दिव्यांगों के डांस ग्रुप उड़ान बैंड ने ऐसा ही कारनामा कर दिखाया। उनकी एक से बढ़कर एक परफॉर्मेस ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही लोकल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी यमुना बोट क्लब की शाम को रंगीन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी

इंडियन-वेस्टर्न डांस की जुगलबंदी

त्रिवेणी महोत्सव में बुधवार की शाम की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें लोकल कलाकारों ने डांस और सिंगिंग की जोरदार प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद फ्यूजन बैंड देश-परदेश ने अलग ही समां बांधा। दिव्यांगों के ग्रुप उड़ान ने देर रात तक परफॉर्मेँस देकर दर्शकों को बांधे रखा। इस ग्रुप की ओर से देश ही नहीं बल्कि विदेशों में कई कार्यक्रम किए हैं। आंखों ंसे देखने में असमर्थ इस ग्रुप के कलाकारों ने इंडियन और वेस्टर्न डांस के हैरतअंगेज कार्यक्रम पेश किए। इसके पहले डीएम संजय कुमार और कमिश्नर राजन शुक्ला की अगुवाई में कार्यक्रम का यमुना आरती के साथ उदघाटन हुआ।

अंतरराष्ट्रीय फलक पर बिखेरी खुशबू

देश परदेश बैंड ने यूपी की मिट्टी की खुश्बू को विदेशों में बिखेरने का काम किया है। इस बैंड को भारतीय प्रवासी गायिक इतिदा और बनारस घराने के शास्त्रीय गायक राहुल मिश्रा ने निर्मित किया है। बैंड की ओर से रोहित मिश्रा, अंशुमान महाराज, हिक्टेर टाइरैडो, कोनर गैलब्रेथ और इजराइल की इदो ने मंच पर फ्यूजन म्यूजिक का तड़का लगाकर सबको मदहोश कर दिया।

Posted By: Inextlive