- कचहरी में पेशी पर आए योगेश भदौड़ा ने कहा उधम सिंह से समझौता करने में नहीं है कोई दिक्कत

- यदि उधम सिंह चाहे तो मैं समझौता करने के लिए तैयार हूं

- उधम सिंह और योगेश भदौड़ा के बीच चली रही आ रही है गैंगवार

Meerut: योगेश भदौड़ा और उधम सिंह के बीच चल रही गैंगवार पर विराम लग सकता है। दोनो गैंगों के बीच हो चुके कई कत्लेआम के बाद अब योगेश भदौड़ा गैंग ने उधम सिंह से समझौता होने की बात कचहरी परिसर में की है। पेशी पर आए योगेश भदौड़ा ने कहा कि उधम सिंह से समझौता करने में कोई दिक्कत नहीं है, उधम सिंह चाहे तो वह समझौता कर सकता है।

कई घरों के चिराग बुझे

योगेश और उधम सिंह के बीच गैंगवार में कई घरों के चिराग बुझ चुके हैं। अभी हाल ही में उधम सिंह के शूटर नितिन उर्फ गंजा की कचहरी में योगेश ने हत्या करा दी थी, जिसके जवाब में उधम सिंह ने योगेश भदौड़ा के रिश्तेदार की सरधना में हत्या करा दी थी। उधम सिंह ने रोहटा रोड पर योगेश भदौड़ा के खास रहे डॉ। सुभाष की भी हत्या करा दी थी। पुलिस ने इन सब मामलों में आरोपियों को पकड़कर जेल भी भेज दिया था। इतना होने के बावजूद उधम सिंह और योगेश ने कचहरी में एक दूसरे के खानदान को खत्म करने की धमकी दी थी। पेशी के बाद जा रहे योगेश भदौड़ा ने मीडिया से कहा कि यदि उधम सिंह चाहे तो वह समझौता कर सकता है, हम समझौते के लिए तैयार बैठे हैं।

इंटेलीजेंस भी अलर्ट

जो बदमाश एक दूसरे को एक निगाह नहीं देख सकते, एक दूसरे गैंग के गुर्गो का कत्ल करा रहे हैं, एक गैंग की ओर से यदि समझौते की बात कही जा रही है तो इस पर पुलिस के भी कान खड़े हो गए हैं। इंटेलीजेंस भी अलर्ट हो गई है। कहीं समझौते की आड़ में कुछ नया खेल तो नहीं किया जा रहा। दोनो गैंगों के बीच समझौते की बात से सूत्रों की मानें तो पुलिस को भी दाल में काला लग रहा है।

Posted By: Inextlive