- ब्लॉक प्रमुख व बीडीसी सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

JANGAL KAUDIA:

जिले के सभी ब्लॉक में शुक्रवार को आयोजित समारोह में प्रमुख व बीडीसी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। चरगांवा में प्रमुख डॉ। विमलेश पासवान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिपराईच की जनता के सपनों को साकार करने के लिए सदैव तत्पर रहने की जरूरत है। योगी ने कहा कि सरकार गांवों के विकास के लिए पर्याप्त धन दे रही है। उन रुपयों से गांवों के विकास की जिम्मेदार पंचायत प्रतिनिधियों की है।

सांसद कमलेश ने जताया आभार

प्रमुख डॉ। विमलेश के बड़े भाई सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि चरगांवा ब्लॉक उनके पिता की जन्मस्थली और कर्मस्थली रही है। उन्होंने कहा कि पूज्य महराज जी के आशीर्वाद से उनके परिवार को राजनैतिक शोहरत मिली। इस मौके पर डॉक्टर विमलेश ने सभी प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया। कहा कि गरीब ही सबसे ज्यादा उपेक्षित हैं। उनकी सेवा में पिपराइच की जनता और कार्यकर्ताओं के मापदंड पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।

जंगल कौडि़या में भी योगी ने पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे ईमानदारी से विकास में अपनी भूमिका निभाएं। ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, पूर्व प्रमुख गोरख सिंह, रमाकान्त निषाद, महेंद्र मिश्र आदि ने योगी का स्वागत किया।

विधायक राजमति पहुंची

पिपराइच में आयोजित समारोह में प्रमुख मंजू पासवान व बीडीसी सदस्यों ने शपथ ली। इस मौके पर उपस्थित मुख्य अतिथि विधायक पिपराइच राजमती निषाद ने सपा के चार सालों की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने विकास से जनता का दिल जीतने को कहा। इस मौके पर पिपराइच सपा विधान सभा अध्यक्ष संजय यादव व अन्य लोग मौजूद रहे।

एसडीएम ने दिलाई शपथ

सहजनवां में एसडीएम विनोद गौंड ने ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश शुक्ला को पद व गोपनीयता का शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य व जीडीए बोर्ड के सदस्य संजय कुमार पहलवान मौजूद रहे। वहीं पिपरौली ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह को जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील सिंह ने शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि के रूप में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ विश्वकर्मा मौजूद रहे। पाली में ब्लॉक प्रमुख किरण सिंह को जिला मत्स्य अधिकारी ने शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि के रूप में सपा के जिला उपाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी मौजूद रहे। कैम्पियरगंज में ब्लॉक प्रमुख रमेन्द्र यादव व गगहा में ब्लॉक प्रमुख सीमा चन्द ने शपथ ली। उरुवा में ब्लॉक प्रमुख तसनीम फातमा को एसडीएम नलनिकांत सिंह ने शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि सपा के जिला उपाध्यक्ष कीर्तिनिधि पांडेय मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive