- 'द आइकॉन ऑफ इंडियन डांस' के नाम से बनेगी डाक्यूमेंट्री

- वाजिद अली शाह से लेकर अब तक के कथक घराने को किया जाएगा प्रदर्शित

LUCKNOW : लखनऊ कथक घराने के इतिहास को जानने के लिए अब मोटी-मोटी किताबें पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब 90 मिनट्स में लखनवाइट्स डाक्यूमेंट्री से शहर का इतिहास जान सकेंगे। दरअसल, राजधानी निवासी अमिताभ त्रिपाठी नवाबों के समय से लेकर अब तक के लखनऊ कथक घराने पर डाक्यूमेंट्री बनाने जा रहे हैं। जिसमें लखनऊ कथक घराने का शुरू से लेकर अब तक का पूरा इतिहास होगा। द आइकॉन ऑफ इंडियन डांस नाम से इस डाक्यूमेंट्री को बनाया जायेगा।

1786 से दिखा जाएगी डाक्यूमेंट्री

'द आइकॉन ऑफ इंडियन डांस' नाम की डाक्यूमेंट्री फिल्म में नवाब वाजिद अली शाह के दरबार से लेकर आज तक के कथक घराने के लोगों के संघर्ष व उनके मुकाम को दिखाया जायेगा। इसमें वर्ष 1786 से लेकर आज तक के लगभग तीन सौ साल के कथक के सफर को दिखाया जायेगा। इस फिल्म में पंडित बिरजू महाराज के पूर्वज ठाकुर प्रसाद, कालका बिंदादीन दीन महाराज, अच्छन महाराज, लच्छू महाराज की कथक यात्रा को प्रदर्शित किया जायेगा।

कई जगहों पर होगी शूटिंग

डाक्यूमेंट्री की शूटिंग लखनऊ समेत रामपुर, इलाहाबाद, दिल्ली, रायपुर में होगी। इसके अलावा कथक घराने की मौजूदा पीढ़ी में पंडित बिरजू महाराज ने जहां जहां पर कथक की छाप छोड़ी वहां भी शूट किया जायेगा। लखनऊ के गोमतीनगर निवासी अमिताभ त्रिपाठी ने बताया कि यह पहली बार होगा जब लखनऊ के कथक घराने पर डाक्यूमेंट्री बनाई जा रही है।

Posted By: Inextlive