- निगम की ओर से स्कूलों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

- बच्चे पहले खुद सीखेंगे फिर पेरेंट्स को सिखाएंगे टैक्स भरने और गंदगी न करने का पाठ

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW: नगर निगम की ओर से पहले बच्चे को टैक्स भरने और गंदगी न करने का पाठ सिखाया जाएगा फिर उनसे अपील की जाएगी कि वे अपने पेरेंट्स को इन दोनों बिंदुओं से अवगत कराएं। जिससे निगम के कोष में समय से टैक्स जमा हो और शहर स्वच्छ नजर आए।

स्कूलों में अभियान

निगम प्रशासन की ओर से बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए हर जोन में स्कूलों को चिन्हित किया जा रहा है। नगर आयुक्त की ओर से इस दिशा में निर्देश भी जारी किए गए हैं।

इसलिए पड़ी जरूरत

एक तरफ निगम प्रशासन की ओर से टैक्स न जमा करने वालों को नोटिस दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ गंदगी करने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है। शहर को और अधिक स्वच्छ बनाने के लिए निगम की ओर से स्कूलों में जागरूकता अभियान भी चलाने का निर्णय लिया गया है। निगम प्रशासन का प्रयास है कि बच्चे स्कूलों में मिलने वाली जानकारी घर जाकर अपने पेरेंट्स से शेयर करें। जिससे अगर किसी ने टैक्स नहीं भरा है तो तत्काल निगम के खाते में टैक्स जमा करे साथ ही शहर को स्वच्छ बनाने के लिए इधर-उधर कूड़ा न फेंके।

हर जोन में अभियान

निगम की ओर से हर जोन में प्रमुख स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही टीमें बना दी जाएंगी। स्कूल के स्टॉफ को भी टैक्स भरने के फायदे बताए जाएंगे साथ ही गंदगी न फैलाने संबंधी अपील की जाएगी।

हर जोन में 500-500 बकाएदार

7 सितंबर को ही वन टाइम सेटलमेंट स्कीम खत्म हो चुकी है। जिसके बाद निगम की ओर से अब ऐसे टैक्स बकाएदारों पर शिकंजा कसने का कदम उठाया जा रहा है, जिन्होंने स्कीम आने के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया है। नगर आयुक्त की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि हर जोन में कम से कम 500-500 टैक्स बकाएदारों को कुर्की संबंधी नोटिस जारी किया जाए। हाल में ही निगम की ओर से एक दर्जन से अधिक मकानों की कुर्की भी की गई है।

बाक्स

नियमित होगी समीक्षा

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि हर सप्ताह टैक्स बकाएदारों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए हैं कि गंदगी करने वालों पर स्पॉट फाइन संबंधी कार्रवाई में तेजी लाई जाए।

वर्जन

बच्चों के माध्यम से उनके पेरेंट्स को टैक्स व शहर को स्वच्छ बनाए रखने संबंधी जानकारी शेयर की जाएगी। जल्द ही स्कूलों में जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त

वेब लिंक

क्या बच्चों के सहयोग से नगर निगम शहर की गंदगी दूर कर सकेगा?

Posted By: Inextlive