-छत पर खड़े युवक को मारी गोली, बुधवार को थी गवाही

- अब तक दो लोगों की हत्याएं, घटना से गांव में दहशत-

टूंडला: मंगलवार शाम खूनी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घटना से परिवार में आक्रोश पैदा हो गया है। इस रंजिश में अब तक दो युवक मौत के घाट उतारे जा चुके हैं। पुलिस मामले को आत्महत्या बता रही है।

थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला खार निवासी छोटेलाल परिवार के साथ रहते हैं। उनकी गांव के ही चंद्रप्रकाश से रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते 13 जनवरी 2013 को मनोज पुत्र चंद्रप्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदले में दूसरे पक्ष के गोपाल पुत्र छोटेलाल की 26 नवंबर को फीरोजाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद जसवीर पुत्र छोटेलाल पर फीरोजाबाद में जानलेवा हमला बोला गया था। जसवीर को दो गोली लगी थी। वर्तमान में हत्या के आरोप में दोनों पक्षों के तीन लोग जेल में निरुद्ध हैं। 16 अक्टूबर को गांव के गणमान्य लोगों ने पंचायत करते हुए दोनों पक्षों में राजीनामा कराया था। बताते हैं राजीनामा को लेकर कुछ लोग खुश नहीं थे। सोमवार को कोर्ट में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के पक्ष में गवाही भी दे दी थी, शेष गवाहों की बुधवार को गवाही होनी थी। बृजेश पुत्र छोटेलाल को भी गवाही में जाना था।

मंगलवार शाम करीब चार बजे बृजेश (20) अपनी छत पर खड़ा था। अचानक गोली चलने की आवाज हुई। परिजन छत पर पहुंचे तो देखा ब्रजेश छत पर पड़ा हुआ था। उसके सीने में गोली लगी थी। ब्रजेश को मृत हाल में देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची। बताते हैं शव उठाने को लेकर मृतक के परिजनों का पुलिस से विवाद भी हुआ। पुलिस ने समझा-बुझाकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर राजीव यादव का कहना है कि बृजेश ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। हत्या के आरोप गलत हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive