- सपा जिला कार्यालय पर पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान

- पदाधिकारियों और मंत्रियों ने किया स्वागत, विरोधी निशाने पर

Meerut: गांवों का विकास कराया जाएगा, नए स्कूल बनवाए जाएंगे और हर गांव तक पक्की सड़क का निर्माण होगा। बड़ी जीत के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान ने कहा कि विकास निष्पक्ष होगा। सपा नेता अतुल प्रधान ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जेड प्लस सिक्योरिटी रखने वाले जमीनी काम करें। सपा की जीत ने आइना दिखाने का काम किया है।

जिला कार्यालय पर जोरदार स्वागत

पंचायत अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपराह्न दो बजे जेल चुंगी स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह के नेतृत्व में सीमा प्रधान का स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों के अलावा दर्जा प्राप्त मंत्री मौजूद थे। पति अतुल प्रधान के साथ कार्यालय पहुंची सीमा ने गांव के विकास की बात कही, उन्होंने जीत का श्रेय सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को देते हुए कबीना मंत्री शाहिद मंजूर, नवाजिश शाहिद, पार्टी के पदाधिकारियों, दर्जा प्राप्त मंत्रियों, वोट देने वाले जिला पंचायत सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

सपा की जीत से लें सबक

छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान ने जीत को विरोधियों के लिए सबक बताते हुए कहा कि जेड प्लस सिक्योरिटी में चलने वाले नेता अब जमीनी काम करें। पार्टी ने जीतकर उनकी हेकड़ी निकाल दी है। युवा नेता का इशारा विधायक संगीत सोम की ओर था। उन्होंने कहा कि इस जीत से विरोधियों की असलियत भी पब्लिक के सामने आई है। लगातार बदलते घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए प्रधान ने कहा कि जनता के हित में काम करने वाले लोग कोशिशों के बाद भी गुमराह नहीं होते हैं।

ये रहे मौजूद

स्वागत करने वालों में विधायक गुलाम मोहम्मद, अय्यूब अंसारी, रफीक अंसारी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, मोहम्मद अब्बास, मुकेश सिद्धार्थ, आकिल मुर्तजा, मेघराज सिंह यादव, चेतन देव, मोहम्मद इकबाल शरीफ, अजय सिंह आदि शामिल थे।

Posted By: Inextlive