कानपुर। लोकसभा चुनाव 2019 के सातवें चरण में बिहार की आठ सीटों पर मतदान होंगे। इसमें आरा, बक्सर, जहानाबाद, काराकाट, नालंदा, पाटलिपुत्र, पटना साहिब और सासाराम लोकसभा सीट पर मतदान होना है। वहीं झारखंड में तीन सीटों दुमका, गोड्डा और राजमहल में मतदान होना है।

बिहार की लोकसभा सीट

पटना साहिब

बॉलीवुड अभिनेता और बीजेपी के बागी नेता कहे जाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस की टिकट पर पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं इस सीट पर इनके खिलाफ केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद मैदान में उतरे हैं। बता दें कि इस सीट पर पिछली बार यानी कि लोकसभा चुनाव 2014 में बीजेपी की टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा ने जीत हासिल की थी।

पाटलिपुत्र

पाटलिपुत्र सीट पर इस बार मुकाबला काफी रोमांचक है। इस सीट से एनडीए की तरफ से भाजपा के केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव मैदान में हैं। वहीं महागठबंधन ने इस सीट पर लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती (राजद) पर भरोसा जताया है।

आरा

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री राज कुमार सिंह इस बार भी आरा लोकसभा सीट से मैदान में उतरे हैं। आरके सिंह को टक्कर देने में इस बार महागठबंधन की ओर से सीपीआई(एमएल) के नेता राजू यादव भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

बक्सर

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे बक्सर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। बक्सर सीट पर अश्विनी चौबे और राजद नेता जगदानंद सिंह के बीच सीधी टक्कर है। पिछले चुनाव में अश्विनी चौबे ने इस सीट पर भारी बहुमत से जीत हासिल की थी।

काराकाट

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के सुप्रीमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा काराकाट लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस बार वह बिहार में महागठबंधन का समर्थन कर रहे हैं। इनके खिलाफ इस सीट पर एनडीए ने जदयू नेता महाबली सिंह को मजबूत प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है।

सासाराम

कांग्रेस नेता मीरा कुमार इस बार भी सासाराम सीट से चुनाव लड़ रही हैं। यहां उनके खिलाफ एनडीए ने भारतीय जनता पार्टी के नेता छेदी पासवान को अपना मजबूत प्रत्याशी बनाया है।

झारखंड की लोकसभा सीट

दुमका

झारखंड की दुमका लोकसभा सीट पर भाजपा और झामुमो के बीच कड़ी टक्कर होगी। इस सीट पर भाजपा की तरफ से सुनील सोरेन मैदान में उतरेंगे। वहीं दूसरी तरफ झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) कैंडीडेट शिबू सोरेन इस सीट पर भाजपाई प्रत्याशी को कड़ी टक्कर देंगे।

गोड्डा

गोड्डा संसदीय क्षेत्र से निशिकांत दुबे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के प्रदीप यादव मैदान में हैं।

राजमहल

राजमहल लोकसभा सीट पर बीजेपी बनाम यूपीए कैंडीडेट के बीच टक्कर होगी। इस सीट पर कांग्रेस ने सीधे तौर पर अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। यूपीए में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता विजय कुमार महाबठबंधन के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगे। वहीं इनको टक्कर देने के लिए भाजपा ने हेमलाल मुरमु को टिकट दिया है।