लंदन (एएनआई)। मैडम तुसाद लंदन ने ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी और मेगन के मोम के पुतले को अपने ब्रिटिश शाही परिवार के प्रदर्शन सेट से हटा दिया है। बता दें कि प्रिंस हैरी और मेगन ने बुधवार को शाही पद छोड़ने की घोषणा की थी, इसी फैसले के बाद यह कदम उठाया गया है। एक बयान में, प्रिंस हैरी और मेघन ने कहा कि वे शाही परिवार के 'वरिष्ठ' सदस्य का पद छोड़ देंगे और आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने की दिशा में काम करने की प्लानिंग कर रहे हैं।

शादी से पहले मेगन के पुतले का किया गया था अनावरण

चौंकाने वाली खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए, तुसाद म्यूजियम ने कहा कि रानी एलिजाबेथ द्वितीय, प्रिंस फिलिप, प्रिंस चार्ल्स और पत्नी कैमिला, प्रिंस विलियम और केट मिडलटन के साथ प्रिंस हैरी व मेगन के मोम के पुतले अब शाही परिवार के सेट में दिखाई नहीं देंगे। मैडम तुसाद लंदन में महाप्रबंधक स्टीव डेविस ने एक बयान में कहा, 'आज से मेगन और हैरी के पुतले हमारे रॉयल फैमिली सेट में दिखाई नहीं देंगे। वह हमारे दो सबसे लोकप्रिय और अच्छे व्यक्तित्व के रूप में मैडम तुसाद लंदन में एक महत्वपूर्ण विशेषता बने रहेंगे, अब हम देखते हैं कि उनका अगला अध्याय क्या होगा।' बता दें कि मई 2018 में शाही शादी से कुछ समय पहले मेगन के मोम के पुतले का अनावरण किया गया था और मैडम तुसाद लंदन में उनका पुतला प्रिंस हैरी के साथ लगाया गया था।

प्रिंस हैरी और मेगन त्यागेंगे शाही परिवार का वरिष्ठ पद, बनेंगे सेल्फ डिपेंडेंट

2018 में हुई थी दोनों की शादी

बता दें कि प्रिंस हैरी और मेगन की शाही शादी मई 2018 में हुई थी। इस शादी को लेकर भव्य समारोह का आयोजन किया गया था, पूरे विश्व में इसकी चर्चा हुई थी। फिर, दोनों को ससेक्स के ड्यूक और डचेस बनाया गया था। दोनों ने मई 2019 में अपनी पहली संतान आर्ची हैरिसन माउंटबेटन विंडसर को जन्म दिया। हैरी और मेगन के फैसले को लेकर सभी हैरान हैं, इसको लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, इनमें से एक प्रिंस विलियम के साथ हैरी का मनमुटाव भी शामिल है। बता दें कि पिछले साल प्रिंस हैरी ने मीडिया में यह स्वीकार किया था कि उनका अपने बड़े भाई प्रिंस विलियम से मनमुटाव चल रहा है।

International News inextlive from World News Desk