- बदमाशों ने महंत को गोली मारकर शिव मंदिर में की लूटपाट

- घटना से मचा हंड़कंप, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

KAUSHAMBI (24 Jan JNN): बदमाशों ने शुक्रवार की रात में शिव मंदिर को लूट लिया। बदमाशों का विरोध करने पहुंचे मंदिर के महंत को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से वह जख्मी होकर वहीं गिर पड़े। उन्हें जख्मी कर शिव मंदिर का कीमती सामान लूट कर बदमाश भाग निकले। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

सैकड़ों साल पुराना मंदिर

कौशांबी थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में सैकड़ों साल पुराना राम जानकी व शंकर भगवान का मंदिर है। इसी परिसर में महंत धर्मदास की कुटिया है। महंत धर्मदास मंदिर की देखभाल करते हैं। शुक्रवार की रात आधा दर्जन शस्त्र बदमाशों ने मंदिर में धावा बोल दिया। कुटिया के बाहर बंधे मवेशियों को बदमाश खोल रहे थे। मवेशियों का शोर सुनकर महंत मौके पर पहुंचे तो बदमाशों को देख शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर बदमाशों ने गोली मार दी। गोली महंत की बांह में लगी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने घेराबंदी शुरू कर दी। हालांकि इसके बाद भी बदमाशों ने भागने से पहले मंदिर में रखा हजारों का सामान लूट लिया।

बदमाशों से भिड़ गए थे महंत

कुटी व मंदिर में लूटपाट करने आए बदमाशों से महंत की भिड़ंत हो गई थी। महंत ने बदमाशों पर चिमटे से हमला बोल दिया था। महंत ने बताया कि चिमटे के प्रहार से एक बदमाश घायल हो गया। साथी के घायल होने के बाद बदमाशों ने गोली मारी। महंत का मानना है कि पुलिस ने प्रयास किया तो घायल बदमाश पकड़ा जा सकता है।