- पीडि़त ने थाने जाकर दी लूट की सीसीटीवी फुटेज तब भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

- फुटेज सौंपने के बाद एरिया में हो चुकी हैं कई घटनाएं

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के मानस बिहार कॉलोनी में लूट और चेन स्नेचिंग ताबड़तोड़ घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस इसे रोक पाने में नाकाम है। हैरानी की बात तो यह है कि यहां हुई लूट के एक मामले में पीडि़त ने खुद वारदात की सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस को उपलब्ध करा दी है। लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसका परिणाम हुआ कि इसके बाद इस एरिया में कई घटनाएं हो गई। पुलिस की लापरवाही से वह जगह लूट प्वाइंट में तब्दील होने लगी है।

डेढ़ महीने बाद कार्रवाई नहीं

शाहपुर एरिया में वात्सल्य पब्लिक स्कूल जाने वाले तिराहे पर 2 नवंबर को सफेद रंग की बाइक सवार पर बदमाशों ने एक महिला के गले से चेन उड़ा लिया। जिस स्थान पर चेन स्नेचिंग की घटना हुई, वहां सामने वाले मकान पर लगे सीसीटीवी में वारदात की फुटेज कैद हो गई। पीडि़त ने खुद ही उस मकान मालिक से संपर्क कर फुटेज निकलवाया और पुलिस को सौंप दी लेकिन डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।

पहले से कर रहे थे इंतजार

2 नवंबर को शाहपुर एरिया के शिवपुर सहबाजगंज के रहने वाले दिनेश श्रीवास्तव की पत्‍‌नी नीरू श्रीवास्तव शाम 4 बजकर 30 मिनट पर आनंद सिंह के मकान में किराएदार महेश श्रीवास्तव के घर गई। वहां से आनंद श्रीवास्तव की मां के साथ दूध लेने बगल की डेयरी पर चली गई। पहले से घात लगाए सफेद रंग बाइक सवार दो अपराधी उनका इंतजार कर रहे थे। लौटते समय दूध लेकर अपने रिश्तेदार के साथ तिराहे पर पहुंचीं तभी मोड़ पर बाइक सवार धम गए। बाइक के पीछे बैठे युवक ने नीरू के गले पर झपट्टा मार कर उनका चेन छीन लिया।

बढ़ गई घटनाएं

पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का खामियाजा इस मोहल्ले व यहां से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यह एरिया लूट प्वाइंट के रूप में तब्दील होता जा रहा है। 2 नवंबर की वारदात के बाद यहां आस-पास में तीन-चार घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने तभी कार्रवाई कर दी होती तो बदमाशों का दुस्साहस नहीं बढ़ता।

आई नेक्स्ट के पास है फुटेज

जिस स्थान पर घटना हुई वहां की सीसीटीवी फुटेज आई नेक्स्ट के पास है। फुटेज में सफेद रंग की बाइक से दो बदमाश नजर आ रहे हैं। वह पहले एरिया में चक्कर लगाते हैं। इसके बाद दोबारा वापस लौट कर तिराहे पर चंद मिनट वेट करते हैं। लौट रही नीरू के गले का चेन लेकर भाग निकलते हैं। मानस बिहार कॉलोनी में अगस्त 2016 की रात में बदमाशों ने एक एलईडी कंपनी के मुनीब की कनपटी पर तमंचा सटाकर 35 हजार रुपये लूट लिया था। तब जांच करने पहुंचे एसपीआरए और सीओ कैंट ने मोहल्ले वालों को सीसीटीवी लगाने की नसीहत दी। मोहल्ले वालों ने तो सीसीटीवी लगवा लिया लेकिन अब फुटेज लेकर घूमने पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।

एरिया में इसी माह ताबड़तोड़ हुई वारदात

- नेपाल के रहने वाले एक युवक का मोबाइल छीन बदमाश भाग निकले। कोई कार्रवाई नहीं।

- एक इंजीनियर को मारपीट कर पैसा लूट लिया। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

- शाम के समय सब्जी लेकर जा रही महिला की चेन छीन लिया। पीडि़ता को न्याय का इंतजार है।

- चाट बेचने वाले दुकानदार का पैसा छीना। मोहल्ले वाले ने दौड़ाया लेकिन बदमाश फरार हो गए। पुलिस मामले को भूल गई।

- बाजार कर लौट रहीं महिला का मंगलसूत्र लूट कर बदमाश फरार हो गए। अभी तक पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा पाई।

कॉलिंग

2 नवंबर को मेरे घर के सामने ही वारदात हुई थी। अपने मकान मालिक से सीसीटीवी फुटेज लेकर थाने को दे दिया। तहरीर पर पुलिस ने केस भी दर्ज किया लेकिन मामले का खुलासा नहीं किया। इसके बाद मोहल्ले में आधा दर्जन घटनाएं हो चुकी हैं।

- आनंद श्रीवास्तव, मानस विहार कॉलोनी

जिस समय चेन स्नेचिंग की घटना हुई मैं अपने कमरे में बैठा था। शोर सुनकर बाहर निकला तो बदमाश भाग निकले थे। मौके पर काफी भीड़ लग गई थी। जब पूछा गया तो इसकी जानकारी हुई। फुटेज हाथ लगने से हम लोगों को लगा था कि बदमाश पकड़े जाएंगे लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

- सरोज सिंह, मानस विहार कॉलोनी

-----------

पुलिस यह करती तो रुक सकती थी घटनाएं-

- सीसीटीवी फुटेज मिलते ही पुलिस को बदमाशों को चिन्हित करने की कोशिश करनी चाहिए थी।

- फुटेज से बदमाशों की फोटो लेकर आसपास के अन्य थाना व चौकियों को भी पहचानने के लिए भेजना चाहिए था।

- मोहल्ले में गश्त बढ़ा देनी चाहिए थी।

- मोहल्ले में कुछ लोगों की कमेटी भी बनाई जा सकती थी।

- पुलिस सक्रिय हो जाती तो बदमाशों पर प्रेशर बढ़ता और वे और वारदात करने का दुस्साहस नहीं कर पाते।

वर्जन

शाहपुर थानेदार से इसकी जानकारी ली जाएगी। मामले का पर्दाफास जल्द किया जाएगा।

अभय मिश्रा, सीओ कैंट