- गोरखनाथ में सब्जी खरीदकर लौट रही महिला की चेन छीनी

- 24 घंटे के भीतर शहर में बाइक सवारों ने की चार वारदातें

GORAKHPUR: शहर में सक्रिय बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दी है। 24 घंटे में बदमाशों ने दो जगहों पर लूटपाट की। शुक्रवार की शाम बाजार से लौट रही महिला के गले से चेन खींचकर बदमाश फरार हो गए। गुरुवार की रात ड्यूटी से घर लौट रहे सीनियर जर्नलिस्ट पर हमला करके बदमाशों ने पर्स लूट लिया। घटनाओं की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है।

सब्जी लेकर लौट रही थीं महिला

शुक्रवार की शाम रामजानकी नगर चौराहे सब्जी लेने गईं रीतेश की पत्‍‌नी मंजू घर लौट रही थीं। करीब पौने सात बजे वह सुनसान जगह पर पहुंचीं। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मार कर चेन लूट लिया। चेन लूटकर बदमाश तेजी से भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। पब्लिक की सूचना पर गोरखनाथ पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

रात में एक्टिव हुए बदमाश

खोराबार एरिया के पथरा निवासी वरिष्ठ पत्रकार एसपी सिंह एक समाचार पत्र में कार्यरत हैं। गुरुवार की देर रात दफ्तर से वह घर लौट रहे थे। रात में अपने मोहल्ले में पहुंचे। तभी वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने एसपी सिंह पर हमला बोल दिया। उनके जेब से पर्स निकालकर बदमाश फरार हो गए। एसपी सिंह ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। फोर्स के साथ पहुंचे एसपी सिटी हेमराज मीणा ने बदमाशों की तलाश करने का दावा किया। गुरुवार की शाम ही बदमाशों ने शाहपुर और कैंट एरिया में छात्रा सहित दो लोगों का मोबाइल फोन लूट लिया था।