- शाहपुर एरिया के गंगा टोला में हुई घटना

- सड़क पर गिरने से घायल हो गई महिला

Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: रिटायर रेलवे कर्मचारी की स्कूटी में टक्कर मारकर बदमाशों ने 27 हजार रुपए नकदी लूट ली। घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शाहपुर एरिया के गंगा टोला में हुई। स्कूटी में धक्का लगने से सड़क पर गिरकर रेलवे कर्मचारी की पत्‌नी घायल हो गई। बुजुर्ग महिला को रेलवे अस्पताल में एडमिट कराया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के सहारे बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस जुटी है।

धक्का मारकर गिराया, लूट ले गए झोला
गायत्री नगर मोहल्ला निवासी रवींद्र श्रीवास्तव रेलवे में गार्ड पद से रिटायर हुए हैं। उनकी पत्‌नी शशि टीचर पद से रिटायर हैं। शनिवार सुबह पति-पत्‌नी बैंक गए। अपने एकाउंट से 27 हजार रुपए निकालकर झोले में रख लिया। दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। गंगा टोला में पहुंचे तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी अनियंत्रित होने से महिला सड़क पर गिर गई। तभी बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झोला छीन लिया। बुजुर्ग दंपति के शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों का पीछा लिया लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका।