घरवालों वाले लव स्टोरी में बाधा बने तो भाग निकले गुजरात

प्रेमी युगलों को काफी मशक्कत के बाद सूरत से वापस लाया गया

BARA(JNN): बारा थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाले दो अलग अलग जातियों के नाबालिग प्रेमी युगलों पर परिजनों ने उनके मिलने जुलने को लेकर पाबंदी लगाई तो दोनों ने घर बार छोड़ दिया। घर वालों से नजर बचाकर दोनों गुजरात निकल गए। लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस द्वारा शिकंजा कसने पर लड़के के घर वालों ने बेटे को बुलाकर पुलिस के समक्ष हाजिर करा दिया।

इंटरकास्ट लव

नाबालिग लड़के व लड़की एक ही गांव के हैं लेकिन दोनों की जातियों में ऊंच नीच की गहरी खाई है। उसके बावजूद दोनों की आंखें चार हुई और नजदीकियां बढ़ने लगीं। दोनों ने एक साथ जीने मरने की कसम खा ली। जब ये बात दोनों के परिजनों को पता चली तो दोनों के मिलने जुलने पर पाबंदिया लगा दी गई। इससे परेशान दोनों ने एक दिन अचानक घर छोड़ दिया और सूरत में जा पहुंचे।

परिवार वालों में मची खलबली

दोनों के भाग जाने की भनक जब परिजनों को हुई तो उनमें खलबली मच गयी। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। इसी बीच लड़की के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने लड़के के घर पर दबिश देकर एक सप्ताह में लड़के को हाजिर कराने की सख्त चेतावनी दी और लड़के के पिता को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद प्रेमी के परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद यह जानकारी हासिल की कि दोनों सूरत में है। जिस पर लड़के के परिजनों ने दोनों को वापस बुलाया और पुलिस को सौंप दिया।