बीरेश कुमार बनाए गए अध्यक्ष, छह सदस्यों की भी हुई नियुक्ति की

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड और उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग को मर्ज किये जाने की अटकलों पर शनिवार को पूर्ण विराम लग गया। प्रदेश सरकार ने अध्यक्ष के अलावा छह सदस्यों की नियुक्ति को ओके कर दिया है। रिटायर्ड आइएएस बीरेश कुमार को इसका अध्यक्ष बनाया है।

सरकार बदलने के बाद बदली थी फिजा

प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद बोर्ड के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। नियुक्तियों पर अघोषित रोक लगा दी गयी थी। इसके बाद बोर्ड के सदस्यों ने भी एक के बाद एक इस्तीफा सौपना शुरू किया तो हड़कंप मच गया। मामला हाई कोर्ट जाने के बाद क्लीयर हुआ कि बोर्ड का अस्तित्व समाप्त नहीं होगा। भर्तियों की पेंडेंसी बढ़ने से अभ्यर्थी परेशान थे। फाइनली सरकार ने इसका हल ढूंढ ही लिया। नवनियुक्त अध्यक्ष बीरेश कुमार 1983 बैच के आइएएस अफसर रहे हैं। वह अपर मुख्य सचिव वाणिज्य के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बीरेश कुमार पूर्व अध्यक्ष हीरा लाल का स्थान लेंगे जिन्होंने गत 10 अगस्त, 2017 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अपर मुख्य सचिव संजय अग्रवाल की तरफ से जारी किये गये पत्र में अध्यक्ष के अलावा छह सदस्य भी नियुक्त किए जाने की सूचना दी गयी है। सदस्यों में ईश्वर शरण पीजी कालेज, इलाहाबाद के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ। धीरेन्द्र द्विवेदी, सनातन धर्म इंटर कालेज वाराणसी के प्रधानाचार्य डॉ। हरेन्द्र कुमार राय, विकास नगर, लखनऊ के रमेश, एसएसबी कालेज, हापुड़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ। अजीत सिंह, एलपीके इंटर कालेज, गोरखपुर के प्रधानाचार्य डॉ। दिनेश मणि त्रिपाठी तथा आगरा कालेज, आगरा के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ। ओम प्रकाश राय को चयन बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। बता दें कि बोर्ड में सदस्यों के कुल दस पद स्वीकृत हैं। यानी चार पर अब भी नियुक्ति होनी बाकी है।