माघ मेला में चलो मन गंगा यमुना तीर का छठवां दिन

उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के पंडाल में बही लोकगीतों की बयार

ALLAHABAD: उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव चलो मन गंगा यमुना तीर का छठवां दिन लोकगीतों के नाम रहा। लोक गायक जनक ने मां गंगा को समर्पित 'प्रयागराज की नगरिया में सोना बरसे' की प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद 'राम गईले बनवा' की मनमोहक प्रस्तुति की। इलाहाबाद की प्रियंका सिंह चौहान, सुषमा मौर्या, निर्भय दास व नीरज पांडेय ने एक से बढ़कर एक लोकगीतों की प्रस्तुति की।

दूसरे सत्र में देश के विभिन्न प्रांतों के कलाकारों ने लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति से समां बांधा। महाराष्ट्र के राहुल हल्दे व साथियों ने लावणी लोकनृत्य की प्रस्तुति की। पश्चिम बंगाल के नटुआ नृत्य, उड़ीसा का सम्बलपुरी नृत्य, तेलंगाना का बोनालू नृत्य एवं मणिपुर के खोगेन्द्र सिंह व उनके दल ने पारंपरिक वेशभूषा से सुसज्जित मणिपुरी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति की।

केन्द्र के निदेशक गौरव कृष्ण बंसल ने कलाकारों को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। संचालन वंदना राठौर ने किया।