मुंबई (एएनआई)। कांग्रेस के पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह ने आज मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। कृपाशंकर सिंह मुंबई में राज्य पार्टी मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। इस संबंध में न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, महाराष्ट्र भाजपा नेता माधव भंडारी ने मंगलवार को कहा कि कृपाशंकर सिंह एक बड़े नेता रहे हैं और मुंबई की राजनीति में उनकी प्रासंगिकता है। वह पिछले कुछ महीनों से भारतीय जनता पार्टी के साथ संपर्क में हैं।
2008-12 के बीच मुंबई कांग्रेस चीफ भी रहे
वहीं यह पूछे जाने पर कि क्या कृपाशंकर सिंह को उत्तर भारतीय चेहरा होने के नाते कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है और चूंकि बीएमसी चुनाव करीब हैं। इस पर माधव भंडारी ने कहा, "निश्चित रूप से कृपाशंकर सिंह शहर में एक बड़ा चेहरा रहे हैं। हालांकि अभी उनकी जिम्मेदारी तय नहीं हुई। उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वह पार्टी द्वारा तय की जाएगी और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। कृपाशंकर सिंह 2008-12 के बीच मुंबई कांग्रेस चीफ भी रहे हैं। 2019 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और तभी से उनके भाजपा में शामिल होने कयास लगाए जा रहे थे।

National News inextlive from India News Desk