कानपुर। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के नतीजे घोषित हो गए हैं। यहां वर्ली सीट से चुनाव लड़े शिवसेना के आदित्य ठाकरे ने 67427 वोटों के अंतर से एनसीपी के सुरेश माणे को हराया।  शिवसेना से जहां आदित्य ठाकरे पहली बार मैदान में उतरे हैं। वहीं एनसीपी के सुरेश माणे उम्मीदवार हैं। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं।

शिवसेना के आदित्य ठकारे आगे

शिवसेना के आदित्य ठकारे महाराष्ट्र की वर्ली विधानसभा सीट पर चुनाव जीत गए हैं। उन्हें मतगणना में 89248 वोट मिले हैं। एनसीपी के सुरेश माणे दूसरे नंबर पर रहे जिन्हें 21821 वोट मिले हैं।

जूनियर ठाकरे वर्ली सीट से मैदान में उतारे गए

बता दें शिवसेना ने जूनियर ठाकरे को वर्ली सीट से मैदान में उतारा है जो वर्तमान में पार्टी नेता सुशील शिंदे के पास है। शिवसेना और भाजपा संयुक्त रूप से यहां विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

युवा राजनेता हैं आदित्य

29 साल के आदित्य ठाकरे एक युवा नेता हैं। वह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पुत्र व बाल ठाकरे के पौत्र हैं। यही नहीं आदित्य शिवसेना की युवा शाखा 'युवा सेना' के प्रमुख हैं, जिसकी स्थापना 17 अक्टूबर 2010 को हुई थी। आदित्य एक कवि भी हैं। आदित्य मुम्बई के सेंट जेवियर्स कॉलेज के छात्र रहे हैं। इन्होने 'युवा सेना' के जरिए अपनी राजनीतिक पारी का आगाज किया। बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में पढ़ाई के दौरान आदित्य का अंग्रेजी में एक कविता संग्रह 'माई थॉट इन ब्लैक ऐंड व्हाइट' प्रकाशित हुआ था।

10 साल पहले मिला था संकेत

महाराष्ट्र की राजनीति में आदित्य कब कदम रखेंगे इसका संकेत 2008 में ही मिल गया था। 2009 के चुनाव में आदित्य ने शिवसेना के लिए प्रचार भी किया था। मगर उन्हें एक परिपक्व नेता बनने में एक दशक लग गया। आदित्य अब एक जाना-माना चेहरा बन चुके हैं। यही वजह है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में उन्होंने चुनावी मैदान में कदम रखा।

महाराष्ट्र की 288 सीटों पर हुए चुनाव

महाराष्ट्र विधानसभा के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले गए थे। यहां एक चरण में ही चुनाव प्रक्रिया संपन्न की गई। वोटों की गिनती की तारीख 24 अक्टूबर रखी गई और नतीजों की घोषणा भी उसी दिन हो जाएगी।  दरअसल महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। महाराष्ट्र विधान सभा में सीटों की संख्या 288 हैं, इनमें 234 सीटें सामान्य हैं जबकि अनुसूचित जाति और अनूसूचित जनजाति की क्रमश: 29 और 25 सीटें हैं।

गठबंधन के बीच होगा मुकाबला

महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन(एनडीए) और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। भाजपा गठबंधन की बात करें तो भाजपा 150 सीटों पर चुनाव लड़ रही है तो वहीं शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं अगर बात कांग्रेस की बात करें तो उसने 147 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं एनसीपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।