RANCHI : राजधानी के मेन रोड को तो ई-रिक्शा के जाल से मुक्त कर दिया गया। इससे अब यहां गाडि़यों का आवागमन स्मूथ हो गया है। लेकिन यहां मनाही के बाद ई-रिक्शा वालों ने सिटी की दूसरी सड़कों पर अपना जाल फैला लिया है। जहां बेतरतीब पार्किग करने के साथ ही ये बिना परमिट के ही अपना ई-रिक्शा दौड़ा रहे हैं। लिहाजा यहां आए दिन जाम लग रहा है। इसके बावजूद रांची नगर निगम बिना परमिट वाले इन ई-रिक्शों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन जगहों को जाम से फ्री बनाने के लिए आखिर कब इंतजाम होगा। वहीं इस बारे में नगर निगम के अधिकारियों से बात की गई तो वह कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।

बिना परमिट ई-रिक्शों की आई बाढ़

शहर को पॉल्यूशन फ्री बनाने के लिए ई-रिक्शा चलाने का निर्णय लिया गया था। इस कदम से साउंड पाल्यूशन पर भी रोक लगाने की योजना थी। इसके लिए 1100 इ-रिक्शों को नगर निगम ने परमिट जारी कर दिया। लेकिन आज स्थिति यह है कि शहर में बिना परमिट वाले ई-रिक्शों की बाढ़ आ गई है। इससे जाम की समस्या सिरदर्द बनती जा रही है।

रूट पास को नहीं करते फॉलो

ई-रिक्शा चालकों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम से उन्हें रूट पास जारी किया गया था। ताकि निर्धारित रूटों पर ही इसका परिचालन हो। लेकिन संचालक मनमानी पर उतर आए हैं। वहीं चेकिंग नहीं होने के कारण किसी भी रूट पर ई-रिक्शा लेकर घुस आते हैं। इसके चलते ही जाम की समस्या बढ़ गई है। इस कारण पब्लिक को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

चालान का कानून ठंडे बस्ते में

तय रूट पर ई-रिक्शा का परिचालन नहीं करने वालों के लिए चालान काटने का कानून बनाया गया था। जिसमें रूट का उल्लंघन करने पर पहले तीन हजार, दूसरी बार पांच हजार, तीसरी बार 10 हजार और फिर 25 हजार रुपए चालान काटा जाता था। इससे नगर निगम को रेवेन्यू भी मिल रहा था। वहीं रूट उल्लंघन करने से पहले संचालक सोचते थे। लेकिन यह कानून भी ठंडे बस्ते में चला गया।

इन इलाकों में लग रहा जाम

रातू रोड, पुरूलिया रोड, कचहरी चौक, बहू बाजार, चुटिया बाजार, बरियातू रोड, हरमू रोड, अरगोड़ा चौक, हिनू रोड, रिम्स चौक।