- डौकी का मामला, प्रेम संबंधों में जान देने की बात कही जा रही

- पास ही मिली कीटनाशक की शीशी, फोरेंसिक एक्सपर्ट पहुंचे

- मृतका के परिजनों का ससुराल वालों पर जान से मारने का आरोप

फतेहाबाद। डौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह बाजरे के खेत में देवर-भाभी के शव पड़े मिले। पास ही कीटनाशक की शीशी भी बरामद हुई है। मामला प्रेम संबंधों के चलते खुदकशी का बताया जा रहा है। वहीं मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है।

फीरोजाबाद के बसई मुहम्मदपुर, लादूपुरा निवासी रामप्रकाश की बेटी ममता (22) का विवाह डौकी, टंकी चौराहा निवासी रंजीत के साथ हुआ था। रंजीत की पास ही फोटो स्टेट की दुकान है। वहीं ममता का चचेरा देवर डालचंद अविवाहित है और 100 मीटर की दूरी पर उसका भी घर है। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार सुबह डालचंद का अपने परिजनों के पास फोन आया था। उसने बताया था कि उसने और ममता ने कीटनाशक पी लिया है। सूचना पर वे मौके की ओर दौड़ पड़े। बाजरा के खेत में मौजूद ममता और डालचंद उल्टियां कर रहे थे। उन्हें अस्पताल भिजवाया गया। जहां पहले ममता फिर डालचंद ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर ममता के ससुरालीजन और मायका पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। वे भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर गई पुलिस को मौके से कीटनाशक की शीशी मिली है। सूचना पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंच गई। मृतका के पिता रामप्रकाश ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक पुत्री की शादी दो वर्ष पूर्व की थी। वहीं ससुरालीजन कह रहे हैं कि उसकी शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच दो वर्ष से प्रेम संबंध थे।

वर्जन

देवर-भाभी ने प्रेम प्रसंग के चलते कीटनाशक पीकर जान दी है। मामले की जांच की जा रही है।

- प्रदीप कुमार, इंस्पेक्टर डौकी

बॉक्स

ट्रांसफारमर की जाली से लटका मिला युवक का शव

फतेहाबाद। बाह रोड बाइपास पर युवक का शव विद्युत ट्रांसफारमर की जाली से लटका मिला। जगनेर के बमनई निवासी फौजीगिरी (22) अमृतगिरी पिछले वर्ष से फतेहाबाद के एक गांव में अपनी महिला मित्र के साथ रह रहा था। वह बोलेरो चलाता था। पुलिस ने बताया कि उसका महिला मित्र के साथ विवाद चल रहा था। पिछले दिनों उसने फोन कर अपने परिजनों को इस बारे में जानकारी भी दी थी। कहा था कि उसके साथ धोखा हुआ है। शुक्रवार रात वह बाह रोड बाइपास पर कस्बे को आने वाले रास्ते पर ट्रांसफारमर की जाली से लटका मिला। सूचना पर गई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।