आगरा। स्कूल के विवाद में चाचा को हराने के लिए युवक ने ऐसी हरकत कर दी कि वह खुद फंस गया। सांसद एसपी सिंह बघेल बनकर उसने डीएम हाथरस को कॉल कर धमका दिया। मामला खुलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई की है।

मूलरूप से सादाबाद के मई निवासी विवेक पुत्र महेंद्र वर्मा हाल में रामबाग क्षेत्र में रहता है। मई में एमएल बाल विद्या मंदिर को लेकर उसका चाचा सुधीर वर्मा से विवाद चल रहा है। स्कूल की सोसाइटी में चाचा अध्यक्ष हैं। उसने चाचा को नीचा दिखाने के लिए शुक्रवार को दोपहर अपने मोबाइल से डीएम हाथरस प्रवीन कुमार लक्ष्यकार को कॉल कर दी। उसने कहा कि सांसद एसपी सिंह बघेल बोल रहा हूं। मई में स्कूल के विवाद में कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हो.? उसने धमकी भरे अंदाज में डीएम से और भी बातें कहीं। उसके बात करने के अंदाज से डीएम को शक हो गया। उन्होंने सांसद को कॉल किया तो पता चला कि उन्होंने कोई कॉल नहीं किया। इसके बाद उन्होंने एडीशनल एसपी सिद्धार्थ वर्मा से मामले की जांच को कहा। मोबाइल नंबर से उसका रामबाग का पता मिल गया। एडीशनल एसपी हाथरस ने इंस्पेक्टर एत्माद्दौला को इसकी सूचना दे दी। इंस्पेक्टर एत्माददैला ने रात को विवेक को गिरफ्तार कर लिया। उसका कहना था कि स्कूल के विवाद में वह अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रहा था। कोई सुन नहीं रहा था। इसीलिए उसने सांसद बनकर कॉल की थी। इंस्पेक्टर एत्माददैला उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद हाथरस पुलिस को सूचना दे दी थी। उनके न आने पर युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।