शुक्रवार को नहाते समय नदी में डूबा था दोस्त

चिलुआताल एरिया के बरियारपुर में हुई घटना

GORAKHPUR: नदी में नहाने गए दोस्त के मौत के सदमे में युवक ने जहर खाकर जान दे दी। घटना शनिवार रात चिलुआताल एरिया के बरियारपुर में हुई। युवक की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

बरियारपुर निवासी राधेश्याम सिंह वकील हैं। उनके बेटे मृत्युंजय सिंह की दोस्ती उरुवा के अराव निवासी रोहित सिंह और राहुल से थी। रोहित और राहुल अक्सर बरियारपुर में आते थे। शुक्रवार की सुबह रोहित सिंह अपने दोस्तों संग राप्ती नदी में नहाने गया। पैर फिसलने से रोहित गहरे पानी में चला गया। उसके डूबने पर गांव के लोगों ने जाल डालकर उसकी तलाश की। उसे बचाने के लिए मृत्युंजय ने जोर लगा दिया। लेकिन चार घंटे बाद रोहित की डेड बॉडी बरामद हुई।

नदी किनारे मिली डेड बॉडी

दोस्त की डेडबॉडी देखकर मृत्युंजय गुमसुम हो गया। उसे लगने लगा कि उसकी वजह से दोस्त की जान चली गई। शनिवार को मृत्युंजय के पिता कचहरी गए थे। मां भी घर पर नहीं थी। दोस्ती की डेड बॉडी निकलने के बाद करीब दो बजे वह घर पहुंचा। अपने भाइयों से बताया कि वह कहीं जा रहा है। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी किनारे मृत्युंजय की डेड बॉडी देखकर लोग चौंक पड़े। घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि कोई जहरीला पदार्थ खाकर मृत्युंजय ने अपनी जान गंवा दी।

वर्जन

शुक्रवार को नदी में डूबने से रोहित की मौत हो गई थी। आशंका है कि इसी सदमे में मृत्युंजय ने अपनी जान दे दी।

वीरेंद्र यादव, चौकी प्रभारी, मजनू चौकी, चिलुआताल