- कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर सपा प्रमुख ने किया पौधरोपण

- कहा, मेरे कहने पर ही मुख्यमंत्री ने शुरू किया पौधरोपण अभियान

LUCKNOW: सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को राजधानी के कुकरैल वन रेंज में पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेने के बाद कहा कि उनके कहने पर ही मुख्यमंत्री ने इस अभियान की शुरुआत की। बोले, मैंने अखिलेश से कहा कि विकास कार्य तो हो रहे हैं, लेकिन पौधे नहीं लग रहे। तुमने तो इसी विषय में पढ़ाई भी की है। इसके बाद ही मुख्यमंत्री ने यह अभियान छेड़ा जो अब व‌र्ल्ड रिकॉर्ड में तब्दील होने जा रहा है।

पार्टी नेताओं पर कसे तंज

पौधरोपण के पश्चात मुलायम ने कहा कि हमें तो आलोचना करने वाले पसंद हैं। आलोचना करने वालों को मैं अपना मित्र मानता हूं, लेकिन कुछ लोग आलोचना से चिढ़ते हैं और चापलूसों को पसंद करते है। आजकल चापलूसों की ही भरमार है, हमारी पार्टी में भी ऐसे लोगों की कमी नहीं है। कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं लेकिन इसका प्रचार नहीं हो रहा। कितने नेता ऐसे हैं जो जनता के बीच जाकर प्रचार करते है। उन्हें जनता के साथ बैठक कर सरकार के अच्छे कामों के बारे में बताना चाहिए। इससे पहले मुलायम ने पीपल, नीम, आम, बेल, पलास, साल आदि का रोपण किया। उन्होंने हर कार्यकर्ता से पांच पेड़ लगाने को कहा। इस अवसर पर मंत्री अहमद हसन, रविदास मेहरोत्रा, पूर्व सांसद भगवती सिंह आदि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने भी किया पौधरोपण

वहीं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज तथा कानपुर देहात के बहादुरपुर में कीर्तिमान रोपड़ के प्रथम पौधे का रोपण करने के साथ 'ट्रीज ऑफ यूपी' पुस्तिका का विमोचन किया। इससे पहले पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर उन्होंने अपनी पत्‍‌नी एवं सांसद डिंपल यादव सांसद के साथ पौधरोपण किया। पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक सांसद रामगोपाल यादव एवं लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव ने इटावा में, संसदीय कार्यमंत्री आजम खां ने रामपुर में तथा अरविन्द सिंह गोप ने बाराबंकी में और ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने कुशीनगर में पौधरोपण किया। वहीं प्रदेश मुख्यालय पर भी काबीना मंत्री राजेंद्र चौधरी, एसआरएस यादव तथा जगजीवन प्रसाद ने तमाम विधायकों व नेताओं के साथ इस अभियान में हिस्सा लिया।