- भ्रष्ट एआरटीओ आरएस यादव की संपत्ति की जांच में कई अन्य अफसरों की बेहिसाब संपत्तियों का लगा सुराग

LUCKNOW:

भ्रष्टाचार के आरोप में अरेस्ट किये गए चंदौली के सस्पेंडेड एआरटीओ आरएस यादव की संपत्तियों की जांच कर रही पुलिस को कई अन्य परिवहन अधिकारियों की बेहिसाब संपत्तियों का पता चला है। शुरुआती जांच में ईटी ने ऐसे कई अफसर चिन्हित किये हैं जिन्होंने अपनी काली कमाई से करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली। बताया जा रहा है कि चिन्हित किये गए अफसरों में एक रिटायर्ड एआरटीओ आरएस यादव का धुर विरोधी रहा है।

खुल रही भ्रष्टाचार की पर्ते

आरएस यादव द्वारा किये गए भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कर रहे सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने परिवहन विभाग के कई अफसरों से पूछताछ की, जिसमें अहम जानकारियां हाथ लगी है। परिवहन कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार व सड़कों पर परिवहन अधिकारियों द्वारा की जाने वाली लूटखसोट किसी से छिपी नहीं है। शिकायत करने पर भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती थी। अफसर अपने प्रभाव और रुपये के बल पर जांच को दबवा देते थे या अपने पक्ष में रिपोर्ट लगवा लेते थे। अब भ्रष्टाचार के आरोप में बंदी एआरटीओ आरएस यादव की चल-अचल संपत्तियों की खोजबीन शुरू होने के बाद कई और अधिकारियों की संपत्तियों का ब्योरा भी पुलिस के हाथ लगने लगा है। पुलिस की जांच इस दिशा में भी चल रही है कि आरएस यादव के साथ पूर्व व वर्तमान में तैनात कई अधिकारियों ने करोड़ों की संपत्ति बनाई है, उसे सामने लाया जाए। इसका ब्योरा जुटाने के साथ शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी, जिससे उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के तहत कार्रवाई हो सके।

बॉक्स

होटल मालिक की तलाश में दबिश

आरएस यादव के फरार कार चालक व होटल वेस्टइन के मालिक महेंद्र मौर्य व उसके भाई अरविंद की तलाश में पुलिस ने शनिवार को शिवपुर इंद्रपुर में दबिश दी। हालांकि दोनों ही नहीं मिले। आरएस यादव की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस को इनकी तलाश है।