- मृतका के मायके वालों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

- छह माह पूर्व जल चुकी थी विवाहिता, चल रहा था इलाज

NAWABGANJ: हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव अमशाह में वेडनसडे को मासूम बेटी का गला दबाकर हत्या करने के बाद मां ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। मायके वालों का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने मां-बेटी का मर्डर कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने शव को फंदे से उतार लिया था। सूचना पर पहुंचे एसओ धर्मेन्द्र कुमार, एसआई देवेन्द्र कुमार ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो वर्ष पूर्व हुई थी शादी

ममता 30 वर्ष की पहली शादी करीब 13 वर्ष पूर्व भुता थाने के गांव मेवा म्यूडी में रामरतन के साथ हुई थी। एक साल बाद दोनों अलग हो गए। कुछ माह बाद ममता की शादी पीलीभीत के प्रेमपाल के साथ हुई। इस दौरान ममता ने दो बेटियों व एक बेटे को जन्म दिया। तीन साल पूर्व प्रेमपाल का देहांत हो गया। प्रेमपाल के देहांत के बाद ममता की शादी हाफिजगंज के गांव अमशाह के पप्पू के साथ दो वर्ष पूर्व हुई थी। ममता की मां कमला देवी ने पति पप्पू, सास कमला, ससुर वेचेलाल, देवर विष्णु व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है।

डबल मर्डर से गांव में सनसनी

ममता 30 वर्ष व उसकी मासूम बेटी कमलेश 4 वर्ष की मौत की खबर से गांव मे सनसनी फैल गई। जिसने सुना वह दोनों को देखने घर की दौड़ पड़ा।

छह माह पूर्व जली थी ममता

ममता के मायके वालों ने बताया कि ससुराल वालों ने छह माह पूर्व भी जलाकर मारने का प्रयास किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने समझा कर मामला शांत करा दिया था।

मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की जांच हो रही है। जो आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नरेश कुमार

सीओ नवाबगंज