- शाहगंज में मायके वालों ने सात ससुरालीजनों के खिलाफ कराया मामला दर्ज

आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र के देरौठा पंचशील कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस के साथ मायके वाले भी पहुंच गए। इस दौरान मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति सास, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।

आठ वर्ष पूर्व हुई थी शादी

आनन्द नगर शहीद नगर कालीचरन ने अपनी 28 वर्षीय बेटी ममता की शादी शाहगंज के दौरेठा पंचशील कॉलोनी निवासी आनन्द पुत्र नरेन्द्र के साथ की थी। उसके पास साढ़े तीन वर्ष की बेटी भी है। ममता के भाई अजीत कुमार ने बताया कि शादी के दौरान अपनी साम‌र्थ्य के अनुसार खूब-दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद भी ससुरालीजन दहेज मांग को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट कर उत्पीड़न करते थे। विवाहिता के भाई का आरोप है कि बीती रात ससुरालीजनों ने उसकी बहन के साथ मारपीट कर गला घोंटकर हत्या कर दी।

हाथ की नसें काट दी

सुसाइड का केस बनाने के लिए उसके हाथ की नसें काट दी। उसे नाम के लिए हॉस्पिटल भी ले गए। विवाहिता के परिजनों ने बताया कि उसके साथ मारपीट की गई। उसके शरीर पर चोटों के निशान है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर थाना शाहगंज में पति आनन्द कुमार, ससुर नरेन्द्र, सास ईश्वरी देवी समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति, ससुर व सास को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया मृतका के बड़े भाई सुन्दर सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।