विवाहिता ने ससुराल वालों से अजीज आकर लगाई फांसी

मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का लगाया आरोप

ALLAHABAD: मम्मी मुझे माफ कर देना। मेरे पास अब सुसाइड करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा। इसलिए मजबूर होकर यह कदम उठा रही हूं। सुसाइड नोट में लाइनें लिखकर एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। महिला के मायके वालों ने मामले में ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर स्थित साठ फिट रोड मोहल्ले के लेखपाल हर्षनाथ दुबे की बहू सुमन देवी पत्‍‌नी सौरभ दुबे ने सोमवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। जब इसकी जानकारी उसके मायके पक्ष के लोगों को हुई, तो वे बेटी की ससुराल पहुंच गए। यहां मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर बेटी को दहेज की खातिर जान से मारने का आरोप लगाया। कौशांबी के पैंइसा के स्व। रावेन्द्र पांडेय की बेटी सुमन का विवाह 24 नवंबर 2016 को साठ फिट रोड निवासी सौरभ के साथ हुई थी। पति सौरभ लॉ की पढ़ाई करता है। वह सिविल लाइंस स्थित एक प्राइवेट कम्पनी में नौकरी भी करता है। बहन की मौत की जानकारी मिलने पर पहुंचे भाई दिलीप ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि विवाह के कुछ महीने बाद ही उसकी बहन के साथ दहेज को लेकर मारपीट शुरू कर दी गई थी और अंतत: उसकी हत्या कर दी गई।

ससुराल में नहीं रहना चाहती थी

पोस्टमार्टम हाउस पहुंची सुमन की मां रेखा देवी ने बताया कि शादी के बाद से ही बेटी को परेशान किया जाने लगा था। दिसम्बर में दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई थी, तब सुमन ससुराल में नहीं रहना चाहती थी, लेकिन मायके वालों ने लोकलाज के भय से उसे ससुराल में ही रहने की सलाह दी थी। चौकी प्रभारी राजरूपपुर अमित राय ने बताया कि सुसाइड नोट मिला है। दो पेज के सुसाइड नोट में महिला ने अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को नहीं बताया है। अब सुसाइड नोट में लिखी राइटिंग की जांच की जा रही है।

महिला के परिवार वालों ने दहेज हत्या का अरोप लगाया है। मायके पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

बचन सिंह सिरोही, इंस्पेक्टर, धूमनगंज