-फीरोजाबाद में 27 जुलाई को मायके में चाकू मारकर की थी हत्या

-सदर निवासी पति, देवर समेत छह के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा

आगरा। सदर की क्षेत्र की विवाहिता की तीन महीने पहले उसके मायके फीरोजाबाद में हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। महिला की हत्या पति और ससुराल वालों ने नहीं बल्कि भांजे ने टीवी का रिमोट छीनने पर चाकू मारकर कर दी थी। रसूलपुर थाने की पुलिस ने आरोपित को बिहार से गिरफ्तार कर लिया।

फीरोजाबाद के थाना रसूलपुर के अशरफगंज निवासी 30 वर्षीय रजिया पुत्री सिराज का निकाह चार साल पहले शहीद नगर निवासी जुनैद से हुआ था। पति की मारपीट से नाराज होकर रजिया 26 जुलाई को मायके चली गई। पति जुनैद अपने भाई सुहैल के साथ ससुराल गया था। इस बीच रजिया की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। रसूलपुर थाने में परिजनों ने पति जुनैद, देवर सुहैल, जुबैर एवं सास समेत आधा दर्जन लोगों को हत्या में नामजद किया था।

विवेचक सीओ सिटी इंदुप्रभा सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान रजिया की हत्या में नामजद निर्दोष पाए गए। पता लगा कि रजिया की मरहूम बहन का बेटा वसीम उर्फ शेरू इसी घर में रहता था। उसके अचानक गायब होने पर शक हुआ। उसके मोबाइल की लोकेशन बिहार के तोडि़या में मिली। शक के आधार पर टीम भेजकर उसे पकड़वा लिया। शेरू ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। उसने बताया कि मां की मौत के बाद वह ननिहाल में रहता था। घटना वाली रात वह टीवी देख रहा था तो खाला रजिया ने रिमोट छीन लिया। इसी बात पर विवाद हुआ और उसने रजिया पर चाकू से हमला बोल दिया। उसकी मौत की जानकारी होने पर वह भाग गया।