मेजा के जेरा घाट पर हुई घटना, मृतक किशोरी के पिता व मछुआरों ने बचाई चार बच्चों की जान

ALLAHABAD: मेजा के जेरा घाट पर परिवार के साथ गंगा नहाने गई किशोरी आंचल उर्फ आकांक्षा की शुक्रवार को डूबने से मौत हो गई। जबकि उसके साथ डूब रहे गांव के ही चार बच्चों को बचा लिया। मछुआरों की मदद से आंचल के शव को पानी से बाहर निकाला गया। उसकी लाश देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिवार संग गया था नहाने

सरायकला गांव निवासी राज कुमार पटेल शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे अपने चार बच्चों व मोहल्ले के अन्य परिवारों के साथ जेरा घाट पर गंगा नहाने गए थे। नहाते समय राज कुमार के तीन व अन्य परिवारों के बच्चे डूबने लगे। यह देख घाट पर शोर मचाते हुए बच्चों को बचाने के लिए राज कुमार ने गंगा में छलांग दी। इतने में घाट पर मौजूद मछुआरे भी गंगा में कूद पड़े। मछुआरों की मदद से राजकुमार ने किसी तरह चार बच्चों को बचा लिया। जबकि उनकी छोटी बेटी आंचल उर्फ आकांक्षा (11) का कुछ पता नहीं चला। मछुआरे व राजकुमार आंचल की तलाश में जुट गए। घंटों तलाश के बाद मछुआरों ने आंचल के शव को पानी से बाहर निकाला। बेटी की लाश देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े। राजकुमार व उसकी पत्नी बेला देवी घाट पर अचेत हो गई। किसी तरह दोनों को होश में लाने के बाद शव को लेकर लोग गांव लौट गए।