-थाना ब्रह्मापुरी पुलिस ने में बंद रिश्तेदार को रिमांड पर लिया

-नहीं मिला पता, देर शाम पुलिस ने जेल में छोड़ा

Meerut : न्यायालय परिसर से फरार चर्चित बिलाल हत्याकांड के अरोपी नजाकत की धरपकड़ के लिए पुलिस जाल बिछा रही है। गुरुवार को इसी क्रम में थाना ब्रह्मापुरी पुलिस ने नजाकत के मामा को रिमांड पर लिया है। हालांकि उससे खास सुराग हासिल नहीं हुआ है।

जेल में बंद है 'मामा'

नजाकत ने कभी जुर्म की दुनिया में कदम रखा तो उसके मामा सलीम पुत्र अत्ते खां ने उसका साथ दिया। एक साथ कई वारदातों को अंजाम देने के साथ-साथ सलीम शहर के चर्चित बिलाल हत्याकांड में भी नजाकत के साथ था। नजाकत की फरारी के बाद हत्या के मामले में जेल में बंद सलीम से थाना पुलिस ब्रह्मापुरी ने गुरुवार को पूछताछ की। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस सलीम को थाना ब्रह्मापुरी रिमांड पर लाई और देर शाम तक पूछताछ की।

नहीं लगा कोई सुराग

एसओ थाना ब्रह्मापुरी याद राम सिंह ने बताया कि नजाकत का सुराग लगाने के लिए उसके मामा सलीम को लेकर आए थे। पुलिस ने सलीम से पूछताछ की, कुछ खास हाथ नहीं लगा है। सलीम ने बताया कि बिलाल हत्याकांड के बाद से ही नजाकत ने उससे दूरी बना ली थी। सलीम ने यह भी बताया कि जरायम की दुनिया में कदम रखकर नजाकत ने जहां अपना कद बना लिया वहीं बड़ा आदमी बनने के बाद वो उसे भूल गया है। पुलिस ने देर शाम सलीम को वापस जेल भेज दिया।

नजाकत की सुरागशी के लिए सलीम को रिमांड पर लिया गया था, पुलिस निशानदेही पर छापामारी कर रही है। फरार आरोपी नजाकत की गिरफ्तारी के प्रयास तेज चल रहे हैं।

-याद राम सिंह, एसओ, थाना ब्रह्मापुरी