बहादुर बेटी के मामले में ढिलाई के मामले को लिया गंभीरता से

दूसरे पक्ष से भी की बात, 15 दिन में पुलिस से मांगी रिपोर्ट

आगरा। मंटोला में रहने वाली बहादुर बेटी नाजिया के ट्वीट की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य शुक्रवार को छात्रा से मिलने पहुंची। उन्होंने कहा कि यहां पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यहां पर आने में उनका भी कलेजा कांप रहा था। आयोग की सदस्य ने नाजिया के मामले को लेकर एसओ मंटोला को खरी-खरी सुनाई। साथ ही मामले में तुरंत कार्रवाई की बात कही। नाजिया आयोग की सदस्य से मिलकर खुश हैं। छात्रा ने कहा कि अब उसके मामले में पूरी तरह से सुनवाई हो रही है।

यूपी में आने से लगता है डर

राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू शुक्रवार दोपहर पौने 12 बजे नाजिया के घर पहुंची। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या का कहना था कि यहां पर अपराध का राजनीतिकरण करते हैं। यहां पर इज्जत सुरक्षित नहीं है। महिला, बच्चियां महफूज नहीं हैं। यहां पर आने में मेरा भी कलेजा कांप रहा था। यहां पर बहादुर बेटी की तारीफ की है। उसे किसी दबाव में न आने की बात कही।

पुलिस को लगाई फटकार

उस दौरान थाना मंटोला एसओ शिव कुमार भी साथ थे। सीओ बीएस त्यागी भी पहुंच गए। सुषमा साहू ने नाजिया से बात की उसके मामले की जानकारी ली। मामले की जानकारी के बाद महिला आयोग की सदस्या ने मुकदमा देखा। मामले में ढिलाई कारण पूछा तो एसओ ने बताया कि समझौता हुआ था। इसके बाद दूसरे पक्ष से भी नाजिया के भाइयों पर मुकदमा हुआ, जो बाद में फर्जी पाया गया। लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने आरोपी पक्ष पर कार्रवाई नहीं की। इस मामले को लेकर एसओ की क्लास लगा दी। सवालों पर एसओ सकपका गए उनके पसीने छूटने लगे। एसओ ने मामले में तीन दिन में कार्रवाई की बात कही।

नाजिया से कहा कि डरने की जरूरत नहीं

नाजिया ने बताया कि उन्होंने उसके सिर पर हाथ रखा। किसी से न डरने की हियादत दी है। करीब एक घंटे उसके यहां पर रहीं। जाने के दौरान दूसरे पक्ष की महिला उनके पास शिकायत लेकर पहुंच गई। इस पर उन्होंने उस महिला की फटकार लगाई। बाद में सर्किट हाउस में दूसरे पक्ष से भी बात की। महिला आयोग की सदस्या ने पुलिस से 15 दिन में मामले में रिपोर्ट मांगी है।

सीएम को किया था दो बार ट्वीट

मंटोला निवासी नाजिया ने अपने एरिया में चल रहे सट्टे का विरोध किया था। सीएम ने बहादुरी के लिए उसका सम्मान किया था। पांच सितम्बर को नाजिया ने सीएम को ट्वीट कर अपनी वेदना बताई थी। अगले दिन मामले में अधिकारियों ने सुनवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट रेखा एस चौहान ने भी उससे बात की। इसी के बाद उससे दोबारा से सीएम को धन्यवाद का ट्वीट कराया गया।