- महिलाओं की सुविधा के लिए उठाया जाएगा कदम

- मेयर की ओर से दी गई स्वीकृति, तैयार हो रही योजना

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW: महिलाओं की सुविधा की दिशा में निगम की ओर से एक और कदम उठाने की तैयारी की गई है। नगर निगम की ओर से जल्द ही शहर के विभिन्न स्थानों पर ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर्स बनाने की तैयारी की जा रही है। इस बाबत मेयर की ओर से स्वीकृति भी दे दी गई है। जिसके बाद निगम अधिकारियों की ओर से योजना का खाका खींचने का काम शुरू कर दिया गया है।

अभी एक भी सेंटर नहीं

जानकारी के अनुसार, इस समय शहर में किसी भी पार्क, चौराहे या अन्य किसी सार्वजनिक स्थान पर ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर नहीं है। यह भी देखने में आता है कि बच्चों की भूख मिटाने के लिए महिलाओं को मजबूरी में कई बार सड़क किनारे ही ब्रेस्ट फीडिंग करानी पड़ती है। जिसके चलते उन्हें खासी परेशानियां का सामना करना पड़ता है साथ ही शर्मिदगी भी उठानी पड़ती है।

जगह हो रही चिन्हित

ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर्स बनाने के लिए निगम अधिकारियों की ओर से जगह भी तलाशने का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि पहले चरण में प्रमुख पार्को, बाजारों और चौराहों/ मार्गो के आसपास इनका निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य जगहों पर भी सेंटर्स स्थापित किए जाएंगे। प्रमुख पार्को, बाजारों और चौराहों के आसपास ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर्स का निर्माण कराने के लिए जगह चिन्हित की जा रही है।

फ्लाइट से मिला आइडिया

हाल ही में मेयर फ्लाइट से लखनऊ लौट रही थीं। फ्लाइट में एक बच्चा रो रहा था। आसपास लोगों की मौजूदगी के कारण मां बच्चे को ब्रेस्ट फीडिंग नहीं करा पा रही थी। इसी से मेयर को अहसास हुआ कि ऐसा कितनी महिलाओं के साथ होता होगा, जब वे किसी पार्क में या बाजार में बच्चों संग जाती होंगी। इसके बाद मेयर ने ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर्स बनवाने का निर्णय लिया।

पिंक टॉयलेट्स के साथ भी

जानकारी सामने आई है कि पिंक टॉयलेट्स के साथ या आसपास ही ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर बनाए जाएंगे। बता दें कि महिलाओं की सुविधा के लिए शहर में करीब 45 पिंक टॉयलेट्स बनाए जाने हैं। माल इलाके में एक पिंक टॉयलेट बन भी गया है। पहले चरण में करीब 10 पिंक टॉयलेट्स के साथ ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर्स का निर्माण कराया जाएगा।

वर्जन

महिलाओं की सुविधा के लिए जल्द ही प्रमुख पार्को, मार्गो और बाजारों में ब्रेस्ट फीडिंग सेंटर्स का निर्माण कराया जाएगा। इनके बनने से महिलाओं को खासी राहत मिलेगी। सेंटर्स के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित की जा रही है।

संयुक्ता भाटिया, मेयर