MNNIT में किया वृक्षारोपण

ALLAHABAD: मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सचिव केके शर्मा ने रविवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय का भ्रमण कर निरीक्षण किया। शर्मा हैकथान कार्यक्रम के अन्तर्गत इलाहाबाद आये थे। यह कार्यक्रम सिविल एविएशन सेन्टर बमरौली में संपादित हुआ था। जिसमें देश के कई प्रतिष्ठित इन्जीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने भाग लिया था। केके शर्मा ने इलाहाबाद विवि के कुलपति प्रो। रतन लाल हांगलू के साथ सीनेट हॉल एवं दरभंगा हॉल का निरीक्षण किया।

वीसी ने दिखाई प्रगति रिपोर्ट

इस दौरान कुलपति ने पिछले एक वर्ष में विवि की प्रगति, विभिन्न शैक्षणिक क्रियाकलापों व भविष्य में नियोजित योजनाओं की रूपरेखा से सचिव मानव संसाधन विकास मंत्रालय को अवगत कराया। सचिव ने विवि की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया एवं कुलपति के विजन की प्रशंसा की। इससे पहले कुलपति ने सचिव का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्रम् देकर उनका सम्मान किया। सचिव ने संस्कृत विभाग, केन्द्रीय पुस्तकालय के उच्चीकरण एवं भवन विस्तार योजनाओं पर सहमति जताते हुए सम्बन्धित प्रस्तावों को मंत्रालय भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने विवि की वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन भी किया। सचिव केके शर्मा ने प्रो। रतन लाल हांगलू व मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक राजीव त्रिपाठी के साथ एमएनएनआईटी का भी निरीक्षण किया तथा परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो। एनके शुक्ला व प्राक्टर प्रो। राम सेवक दुबे भी उपस्थित थे।