- दो गाडि़यां हुई क्षतिग्रस्त, चालक की सूझबूझ से टली दुर्घटना

आगरा। फतेहपुर सीकरी से आगरा लौट रहे केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान की गाड़ी के आगे अचानक नील गाय आ गई। चालक की सूझबूझ से मंत्री बाल-बाल बच गए। उनकी गाड़ी में पीछे चल रही काफिले की गाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद संजीव बालियान दूसरी गाड़ी से चले गए।

केंद्रीय पशुपालन और मत्स्य पालन राज्य मंत्री संजीव बालियान शुक्रवार को आगरा आए थे। रात्रि प्रवास के बाद वे शनिवार को सुबह फतेहपुर सीकरी में चिश्ती की दरगाह गए थे। लौटते समय किरावली के भरंगपुर गांव के पास उनकी गाड़ी के आगे अचानक एक नील गाय आ गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी के ब्रेक लगा दिए। इससे गाड़ी नील गाय से टकराने से बच गई। मगर, काफिले में पीछे चल रही इनोवा गाड़ी ने केंद्रीय मंत्री की गाड़ी में टक्कर मार दी। इससे दोनों गाडि़यां क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और संपत्ति विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी। इसके बाद क्षतिग्रस्त इनोवा गाड़ी को पुलिस के सिपुर्द छोड़कर चले गए, जबकि जिस गाड़ी में मंत्री सवार थे। वह पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई, उसे मंत्री अपने साथ ही ले गए। बालियान ने बताया कि चालक की सूझबूझ के चलते वे सकुशल हैं। अगर थोड़ी भी चूक हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री की गाड़ी को आगरा-जयपुर हाईवे से सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया।