-रामपुर जाते समय कलेक्ट्रेट पहुंचे सुरेश खन्ना, कोषागार में मारा छापा

-गंदगी देख अधिकारियों का लगाई फटकार, सीटीओ को दी प्रतिकूल प्रविष्टि

बरेली। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना रामपुर जाते समय अचानक कलेक्ट्रेट पहुंच गए। इसके बाद सीधे कोषागार में छापा मार दिया। यहां गंदगी देख बिफरे मंत्री ने सीटीओ (मुख्य कोषागार अधिकारी) अनवर अहमद से बोले तुम्हारे जैसे लोगों ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया। इस दौरान उन्होंने टेबल पर धूल जमा होने और कप के निशान देख कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

यह लिया एक्शन

-सीटीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि का आदेश

-एसीटीओ के दो दिन का वेतन काटने का आदेश

-सभी स्वीपर का सात-सात दिन का वेतन काटने का आदेश

सीटीओ ने बोला झूठ

छापेमारी के दौरान वित्त मंत्री गंदगी को लेकर फटकार लगा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सीटीओ से पूछा कि यहां ऑफिसर सुप्रीडेंट कौन है। जिसे सुनने के बाद सीटीओ ने एटीओ आलोक अवस्थी को दिखा दिया, जिसपर मंत्री ने तत्काल दो दिन का वेतन एटीओ का रोकने का आदेश दे दिया। जबकि यह जिम्मेदारी सीटीओ के ही पास है।

प्राइवेट मजदूरों से कराई थी सफाई

एक दिन पहले शाम मंत्री का प्रोटोकॉल आया था। सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सीटीओ को इसकी जानकारी हुई। सफाई कर्मचारियों के रिक्त चल रहे पद के कारण अधिकारी-कर्मचारी चार चपरासियों की मदद से अपने-अपने सफाई किए। इसके बाद सुबह दो प्राइवेट सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कराई गई, लेकिन फिर भी जिम्मेदार मंत्री के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा।

रजिस्टर में अंकित नहीं था ट्रेजरी बिल

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पेंशनर्स के रजिस्टर मांगा। रजिस्टर में कई बिलों की इंट्री न होने पर नाराजगी जताई। इसके बाद उपस्थिति पंजिका देखा, जिसमें 24 में 23 कर्मचारी मौजूद मिले, जबकि एक महिला कर्मचारी के अवकाश पर होने की जानकारी दी गई।

तो मैं करूं सफाइर्

मंत्री के छापेमारी से कोषागार के अधिकारियों-कर्मचारियों में हडकंप मचा था। मंत्री कोषागार में गंदगी देखने के बाद मिली फटकार से सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के मुंह फूले हुए थे। मंत्री के जाते ही एक एकाउंटेंट बोल पड़ी सफाई कर्मचारी हैं नहीं तो क्या मैं सफाई करूं।

वर्जन

कोषागार में बहुत ज्यादा दु‌र्व्यवस्था है। सफाई की बारे में किसी को वहां चिंता नहीं है। वे कोषागार को स्टोर बना दिए हैं। मैंने सीटीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और एटीओ का दो दिन तथा सभी सफाई कर्मचारियों का सात-सात दिन का वेतन बिना सर्विस ब्रेक के काटने का आदेश दिया है।

-सुरेश खन्ना, वित्त मंत्री