PATNA: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री और बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स से भारत लौटने के दौरान कुछ देर फ्रांस में रुके थे। इस दौरान फ्रांसीसी नागरिकों की एक टोली को उन्होंने सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया और योग का महत्व समझाते हुए फिट इंडिया मूवमेंट की भी जानकारी दी। उन्होंने सभी को सूर्य नमस्कार करने की सलाह दी। रविवार को वह विदेश यात्रा से दिल्ली लौट रहे हैं।

केन्द्रीय राज्य मंत्री यूरोपियन कमीशन एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के संयुक्त तत्वावधान में बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आयोजित ग्लोबल वैक्सीनेशन समिट में भाग लेने गए थे। इस क्रम में पेरिस स्थित भारतीय दूतावास में राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के साथ उनकी शिष्टाचार मुलाकात हुई। मंत्री ने फिट इंडिया मूवमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में इंडिया को हेल्दी बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। भारत युगों से सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरामया का प्रार्थना करता रहा है।