दुकान में चोरी के समय दुकानदार ने छत से कर दिया था पथराव

जांघ में गोली लगे साथी को छोड़ दो बदमाश मौके से भागे

Meerut। कंकरखेड़ा के सिंघावली में घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने छयमार गैंग के एक सदस्य को गोली मार दी। जांघ में गोली लगने के बाद खून अधिक बहने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। कंकरखेड़ा के सिंघावली में बस स्टैंड पर फिरोज उर्फ सगीर की किराना की दुकान है। दुकान की छत पर ही फिरोज परिवार के साथ रहता है।

ताला तोड़ रहे थे बदमाश

इंस्पेक्टर सुरेंद्र राणा ने बताया कि रात करीब तीन बजे तीन बदमाश आए, जो हथौड़ी से दुकान का ताला तोड़ने लगे। आवाज सुन फिरोज का परिवार जाग गया। बाद में फिरोज ने बदमाशों के ऊपर छत से पथराव कर दिया व मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। तभी बदमाशों ने फिरोज पर फाय¨रग शुरू कर दी। भागते हुए फाय¨रग में दो बदमाशों ने अपने एक साथी को गोली मार दी। गोली जांघ में लगने से बदमाश चल नहीं सका। उसके बाद उसके दो साथी मौके से खेतों के रास्ते भाग गए। गोली लगने के बाद बदमाश ने भी भागने की कोशिश की। करीब सौ मीटर की दूरी पर खाली प्लाट में उसका शव पड़ा मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि खून अधिक बहने से उसकी मौत हो गई। मौके से शटर तोड़ने का सामान और एक बैग मिला है, जिसमें कंबल, दो जैकेट, तीन जोड़ी चप्पल मिली है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। अभी तक जांच में सामने आया कि बदमाश छयमार गैंग का सदस्य है। उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।