साहिल के गुम होने की विवेचना में आया नया मोड़

पुलिस ने साहिल के घर से बरामद की वसीयत कॉपी

PRAYAGRAJ:

करीब 25 दिन पहले संदिग्ध हालात में गायब हुआ 13 वर्षीय साहिल जिंदा भी है या नहीं? इस पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। एक्चुअली इस केस में पुलिस के हाथ कुछ ऐसा लग गया है जिससे किशोर के गायब होने की कहानी में ट्विस्ट आ गया है। पुलिस अब इस एंगल पर भी सोचने को मजबूर है कि कहीं उसके गायब होने में अपनो का ही तो हाथ नहीं है। ऐसा तो नहीं है कि अपनो ने प्रापर्टी के चक्कर में उसे रास्ते से ही हटा दिया।

पुलिस पहुंची थी घर पूछताछ करने

साहिल के गायब होने के मामले में पांच नवंबर को पिता की तरफ से गुमशुदगी दर्ज करायी गयी थी। इसकी विवेचना नीवा चौकी इंचार्ज के पास है। सोमवार को वह साहिल के घर पहुंचे थे। पूछताछ में साहिल के दादा ने बताया कि उसने अपनी सम्पूर्ण जायदाद की वसीयत अपने पोते के नाम कर रखी थी। दादा दयाराम ने बताया कि 2012 में ही उन्होंने यह वसीयत तैयार करा ली थी। ऐसी वसीयत लिखने का कारण उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बेटे रवि की शादी सन् 2006 में अनीता नामक महिला से हुई थी। इससे उनको एक बेटा साहिल हुआ। शादी के दो साल बाद खाना बनाते वक्त अनिता की जलकर मौत हो गई।

सौतेली मां के आने से बिगड़ा मामला

दयाराम ने पुलिस को बताया कि पहली पत्‍‌नी की मौत के बाद रवि ने 2009 में दूसरी शादी मधु नामक महिला से की। मधु से उसे दो बेटियां हैं। दूसरी शादी के बाद रवि की सह पर मधु ने साहिल के साथ सौतेला व्यवहार शुरू कर दिया। इससे उन्हें झटका लगा और उन्होंने सम्पूर्ण सम्पत्ति साहिल के नाम कर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि इसकी जानकारी होने पर बेटे और बहू ने उन्हें ही उत्पीडि़त करना शुरू कर दिया। उन्होंने पिछले महीने ही दोनों के दबाव में वसीयत चेंज की। इससे उनकी मौत के बाद सम्पूर्ण प्रापर्टी बेटे रवि और उसकी पत्‍‌नी मधु के नाम जानी थी। खास बात यह है कि वसीयत लिखने के तीन दिन के भीतर साहिल गुम हो गया। अब पुलिस को भी आशंका सताने लगी है कि साहिल किसी अनहोनी का शिकार तो नहीं हो गया।