RANCHI : धनबाद के एक्स डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में आरोपी व जेल में बंद झरिया विधायक संजीव सिंह को सोमवार को कड़ी सुरक्षा और बुलेट प्रूफ गाड़ी से इलाज की खातिर रिनपास लाया गया। धनबाद अदालत के आदेश पर उन्हें यह एडमिट कराया गया है। इलाज के बाद उन्हें फिर से वापस धनबाद जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

मेमोरी लॉस की है बीमारी

विधायक संजीव सिंह इन दिनों मेमोरी लॉस, एमनेशिया की बीमारी से जूझ रहे हैं। पहले उनका इलाज धनबाद में चल रहा था, लेकिन वहां के मेडिकल बोर्ड ने उन्हें बेहतर के लिए रांची स्थित रिनपास भेजने की सलाह दी थी। मेडिकल बोर्ड का कहना है कि इस बीमारी का इलाज झारखंड में सिर्फ रिनपास में संभव है। ऐसे में कोर्ट से परमिशन लेकर पुलिस उन्हें रिनपास में इलाज के लिए एडमिट कराया है।

डेढ़ साल से जेल में बंद हैं विधायक

21 मार्च 2017 को पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड को लेकर उनके चचेरे भाई व विधायक संजीव सिंह समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया था। ऐसे में 11 अप्रैल 2017 से झरिया विधायक संजीव सिंह जेल में बंद हैं। कुछ दिनों तक सुरक्षा कारणों से धनबाद से बिरसा मुंडा कारा रांची भेजा गया। फिर कोर्ट के आदेश पर धनबाद जेल शिफ्ट किये गए थे।