शहर में पांच दिन तक रहेगी मोबाइल जांच वैन, खाद्य पदार्थो में कलर के मिलावट की तत्काल होगी जांच

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: आस पड़ोस की दुकान में मिलावट से त्रस्त हैं तो उसे बेनकाब करने के लिए आपके पास बेहतर मौका है। आपको बस एक जानकारी देनी है और इसके बाद मोबाइल लैब के जरिए ऑन स्पॉट उसकी मिलावट का खुलासा हो जाएगा। इसके लिए शासन स्वयं एक मोबाइल लैब शहर में भेज रहा है। हालांकि यह केवल पांच दिन ही रहेगी। लेकिन सबसे अहम कि घातक रंगों की मिलावट का पर्दाफाश यह चुटकी बजाते ही कर देगी।

आधे घंटे में देगी जांच रिपोर्ट

कुंभ मेले के बाद पहली बार शासन की ओर से पांच दिन के लिए यह सुविधा शहर को दी जा रही है। जिसके जरिए लोगों को मिलावट के प्रति जागरुक किया जाएगा। 11 से 15 नवंबर के बीच यह वैन विभिन्न इलाकों में जाकर ऑन स्पॉट मिलावट की जांच करेगी। लोगों की शिकायत को विशेष तवज्जो दिया जाएगा। सदर तहसील स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में जांच के लिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

तीन सैंपल फेल, हो जाइए होशियार

खानपान की वस्तुओं में जहरीले रंगों की मिलावट बढ़ती जा रही है। हाल ही में दीपावली के दौरान बेची गई रंगीन मिठाईयों और चीनी के खिलौनों में मिलाए गए रंगों की जांच की गई थी। जिसमें तीन सैंपल फेल हो गए। इस वैन में इस जांच की विशेष सुविधा दी गई है। अन्य जांचों के साथ रंगों की मिलावट की जांच की रिपोर्ट महज आधे घंटे में मिल जाएगी। साथ ही लोगों को मिलावट के प्रति जानकारी देकर जागरुक किया जाएगा।

शहर के लोगों के लिए अच्छी अपार्चुैनिटी है। वह चाहे तो मिलावट के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मोबाइल वैन के जरिए मौके पर ही जांच कराकर रिपोर्ट जारी कर दी जाएगी।

केके त्रिपाठी,

चीफ फूड सेफ्टी आफिसर प्रयागराज