- निर्माणदायी संस्था को जेल प्रशासन को डीएम ने हैंडओवर करने के दिए निर्देश

- 230 करोड़ के बजट से बनी है मार्डन टाउनशिप की तर्ज पर जेल, मिलेंगी सुविधाएं

BAREILLY:

शहर से करीब 18 किलो मीटर दूर ब्लॉक भुता के सैदपुर कुर्मियान गांव में 91 एकड़ में प्रदेश की पहली हाइटेक जेल बनकर तैयार हो गई है। वेडनसडे को डीएम गौरव दयाल ने निर्माणदायी संस्था को आधुनिक सुविधाओं से लैस जेल को जिला जेल प्रशासन को हैंडओवर किए जाने के निर्देश दे दिए हैं। शासन का निर्देश मिलते ही बंदियों को शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जेल का निर्माण 230 करोड़ रुपए में किया गया है।

यह रहेंगी सुविधाएं

जेल को माडर्न टाउनशिप का लुक दिया गया है। जेल से ही बंदियों की कोर्ट में पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। मनोरंजन के लिए ओपन स्टेडियम और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए 80 बेड का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कैंपस में बनाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से 5 मीटर ऊंची और करीब डेढ़ फुट चौड़ी बाउंड्री है। 5 वॉच टॉवर से निगरानी होगी। साथ ही जेल सीसीटीवी के जद में रहेगी। स्वरोजगार से जोड़ने को ट्रेनिंग सेंटर बना है। जेल में एसएसटीपी और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग संयत्र लगाए गए हैं। इंडोर आउट डोर गेम्स खेलने की सुविधा रहेगी।

खुलेंगे 5 स्कूल

महिला बंदियों के साथ रहने वाले छोटे-छोटे बच्चों के लिए जेल कैंपस में क्रेच बनाया गया है। जहां महिला बंदी अपने बच्चों की देखभाल कर सकेंगी। क्रेच में बच्चों के लिए खिलौने और पढ़ाने की व्यवस्था भी की गई है। बच्चों के लिए अच्छा खाना बनाने के लिए अलग रसोई का इंतजाम किया गया है। साथ ही बच्चों की एजुकेशन को जारी रखने के लिए जेल परिसर में 5 स्कूल बनाए गए हैं। इनमें तीन स्कूल पुरुष बंदियों के लिए एक महिला बंदी और एक स्कूल किशोर बंदियों के लिए बनाया गया है।

जिला जेल की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। जिसे हैंडओवर के निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही शासन के निर्देश पर कैदियों को शिफ्ट किया जाएगा।

गौरव दयाल, डीएम