- मीडिया का वर्तमान परिदृश्य पुस्तक के लोकार्पण पर बोले उपमुख्यमंत्री

PATNA: सोशल मीडिया के वर्तमान दौर में फेक न्यूज का संकट गहराता जा रहा है। मीडिया का स्वरूप आज काफी व्यापक हो गया है। यह बातें उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कही। उन्होंने कहा कि विश्वसनीयता के संकट के बावजूद अखबार जिम्मेदारियों का निर्वाह कर रहा है, मगर गांव, गरीब व किसानों को और कवरेज देने की जरूरत है। कुछ न्यूज चैनलों द्वारा अंधविश्वास और अवैज्ञानिकता को बढ़ावा देना उचित नहीं है। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार स्वयंप्रकाश व पुस्तक के लेखक राकेश प्रवीर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

महाभारत के संजय की चर्चा की

पटना पुस्तक मेले में प्रभात प्रकाशन के स्टॉल पर पत्रकार राकेश प्रवीर लिखित पुस्तक 'मीडिया का वर्तमान परिदृश्य' का लोकार्पण करते हुए मोदी ने कहा कि आज मीडिया की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो गयी है। देश में 1975 में इमरजेंसी का एक दौरा ऐसा भी था जब अखबारों पर सेंसरशिप लगा दी गई थी। पत्रकारिता की निष्पक्षता पर जोर देते हुए उन्होंने महाभारत के संजय की चर्चा की। पेड न्यूज और सोशल मीडिया के फेक न्यूज को उन्होंने चुनौती बताया।