आगरा। शनिवार को ताजमहल पर भीड़ उमड़ी। टिकट विंडो और टर्न स्टाइल गेट पर पर्यटकों को इंतजार करने के साथ धक्के खाने पड़े। दिनभर में करीब 35 हजार पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया।

ताज पर पर्यटन सीजन में सप्ताहांत में भीड़ उमडऩे लगी है। शनिवार को यही देखने को मिला। सुबह से ताज के पूर्वी व पश्चिमी गेट टिकट विंडो पर पर्यटक लाइन में लगे नजर आए। दोपहर तक पश्चिमी गेट पर बुरे हाल हो गए। यहां टिकट विंडो के साथ ही टर्न स्टाइल गेट पर भी लंबी लाइन लग गई। दिनभर में ताज से 26678 टिकट जारी हुए। ऑनलाइन टिकट बिक्त्री के आंकड़े उपलब्ध नहीं होने से करीब 35 हजार पर्यटकों ने स्मारक निहारा।

ताज पर जारी हुए टिकटों की स्थिति

भारतीय, 21663

विदेशी, 4369

सार्क, 646

कुल, 26678

---

108 पर्यटकों को दोबारा खरीदना पड़ा टिकट

ताज में तीन घंटे से अधिक समय तक रुकने पर शनिवार को 108 पर्यटकों को दोबारा टिकट खरीदनी पड़ी। इनमें 16 विदेशी और 92 भारतीय थे।

----

बेहोश हुआ पर्यटक

ताज पर शनिवार को भीड़ की वजह से पश्चिमी गेट स्थित टिकट विंडो पर लाइन में लगा बंगाली पर्यटक बेहोश हो गया। पर्यटन पुलिस द्वारा उसे एंबूलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। इंग्लैंड की पर्यटक कैथरीन का मोबाइल फोन ताज में खो गया था। उन्होंने पर्यटन थाना में इसकी शिकायत की। पर्यटन पुलिस ने पर्यटक को फोन तलाश कर वापस कराया। कोलकाता से आई महिला पर्यटक अपने ग्रुप से ताज पर बिछुड़ गई थीं। पर्यटन पुलिस ने आगरा किला पर ग्रुप से मिलवाया।