RANCHI : दशम थाना क्षेत्र में रांची-टाटा एनएच-33 के तैमारा घाटी में रफ्तार का कहर फिर देखने को मिला। मंगलवार को एक बेकाबू ट्रक ने बाइक पर जा रहे एक परिवार को रौंद डाला। इस हादसे में जहां मां समेत उसके दो बच्चों की मौत हो गई, वहीं पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए रिम्स में एडमिट किया गया है।

कैसे हुआ हादसा

खूंटी के रहने वाले रंतु महतो अपनी पत्‍‌नी भाग्यवती और दोनों बेटे करण-अर्जुन को बाइक में बिठा कर बुंडू स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। तभी, दशम फॉल थाना क्षेत्र के तैमारा घाटी में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में भाग्यवती देवी की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं रंतु और उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में तीनों को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया, लेकिन इलाज के क्रम में दोनों बच्चे 5 वर्षीय करण और 6 वर्षीय अर्जुन की मौत हो गई।

पत्‍‌नी-बच्चों की मौत की जानकारी नहीं

हादसे में गंभीर रूप से घायल रंतु महतो को अपनी पत्‍‌नी और बच्चों की मौत की जानकारी नहीं है। रिम्स के डॉक्टर ने बताया कि रंतु की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उसे बचाने का प्रयास लगातार जारी है।